मंडी। मण्डी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा है कि जो बेटी भांबला अपने घर की नहीं हो सकी, वह मण्डी की क्या बनेगी। आज वह अपने को मण्डी की बेटी बता कर लोगों से वोट मांग रही है। आपदा के समय जिसने अपने परिवार की सुध तक न ली हो, वह दूसरों के दुख दर्द को क्या समझेंगी। वे सोमवार को सुंदरनगर विधानसभा के चरखड़ी, निहरी व डैहर में अपनी चुनावी सभाओं को सम्बोधित कर रहे थे।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि भाजपा की प्रत्याशी को मण्डी में कांग्रेस के विकास कार्य नजर नहीं आते। उन्होंने कहा कि वह अपनी चुनावी सभाओं में कहती हैं कि वीरभद्र सिंह व सांसद प्रतिभा सिंह ने इस क्षेत्र में कोई विकास कार्य नहीं किया। उन्होंने कहा कि कंगना को अपना चश्मा बदलने की जरूरत है। मण्डी में आईआईटी, मेडिकल कालेज व कीरतपुर फोरलेन पूर्व कांग्रेस सरकार व वीरभद्र सिंह की ही देन है। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रत्याशी को मण्डी संसदीय क्षेत्र की कोई भी जानकारी नहीं है। वह तो मुंबई में और अपनी फिल्मी दुनिया में व्यस्त रहती है और चुनावों के बाद भी इसी में फिर से व्यस्त हो जाएंगी।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि उनका एजेंडा क्षेत्र के विकास का है, जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी ने आज दिन तक अपना न तो कोई विजन ही लोगों को बताया है और न ही अपना कोई एजेंडा। उन्होंने कहा कि उनका एक ही एजेंडा है इतिहास को बदलना। वह कहती है कि देश 2014 मे आजाद हुआ। देश के पहले प्रधानमंत्री सुभाष चंद्र बोस थे। उन्होंने कहा कि यह सब बातें भाजपा के गुप्त एजेंडे का ही हिस्सा है और उनके निर्देशक उन्हें जो भी स्क्रिप्ट देते हैं, उसे वह पढ़ देती हैं।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस ने लोगों को जो गारंटियां दी हैं, उन्हें चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है। कर्मचारियों को ओपीएस लागू कर दी गई है और महिलाओं को हर महीने 1500 की सम्मान राशि भी शुरू कर दी है। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह न तो कर्मचारी हितैषी है और न ही महिला हितैषी। वह इन दोनों योजनाओं की विरोधी है।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि वह सांसद बनने के बाद मण्डी को स्मार्ट सिटी, कुल्लू को मेडिकल कालेज व पर्यटन की दृष्टि से भुभु व जलोड़ी जोत पर टनल निर्माण उनका प्रमुख लक्ष्य है, जिसे वह हर हाल में पूरा करेंगे। सेना में हिमाचल रेजिमेंट का गठन हो, सेब पर आयत शुल्क शतप्रतिशत हो, इसके पूरे प्रयास किये जाएंगे। उन्होंने कहा कि निहरी को पर्यटन की दृष्टि से भी विकसित किया जाएगा, जिससे इस क्षेत्र के युवाओं को घर द्वार रोजगार के अवसर मिल सकें।
पूर्व विधायक सोहन लाल ठाकुर ने इस दौरान कहा कि सुंदरनगर में जो भी विकास हुआ है वह कांग्रेस सरकार विशेष तौर पर पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह की ही देन है। उन्होंने कहा कि विक्रमादित्य सिंह के सांसद बनने के बाद सुंदरनगर क्षेत्र के विकास कार्यों में तेजी आएगी। उन्होंने कहा कि विक्रमादित्य सिंह प्रदेश का भविष्य है जिन्हें भारी मतों से विजयी बना कर लोकसभा में भेजना है।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से नियुक्त पार्टी की ऑबज़र्वर डॉ. मोनिका ने कहा कि वह मुंबई से यहां आई है और वह जानती है कि फिल्मी दुनिया व राजनैतिक दुनिया में कितना अंतर है। उन्होंने कहा कि फिल्मी दुनिया के सितारे कभी भी आम लोगों से नहीं मिलते, क्योंकि वह अपनी ग्लेैमर की दुनिया में जीते हैं, उनमें कंगना भी एक है। उन्होंने कहा कि कंगना आज जिस प्रकार की भाषा का अपने मंचों से प्रयोग करती है वह हिमाचल की किसी भी बेटी की कभी नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि विक्रमादित्य सिंह एक युवा अनुभवी योग्य पार्टी उम्मीदवार हैं जो सांसद बनने के बाद मण्डी संसदीय क्षेत्र की ही नहीं, अपितु प्रदेश की एक मजबूत आवाज बनेंगे।
