बोले – अगर आप दीया लेकर भी ढूंढोगे, तो भी अनुराग ठाकुर जैसा सांसद नहीं मिलेगा
राहुल बाबा और उनकी बहन शिमला में छुट्टियां मनाने तो आते हैं, लेकिन ये रामलला की प्राण प्रतिष्ठा में नहीं गए
इंडी गठबंधन वालों के पास प्रधानमंत्री पद का प्रत्याशी ही नहीं
ऊना। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने को कांग्रेस और इंडिया गठबंधन पर जोरदार हमले बोले। उन्होंने दावा किया कि 5 चरण के मतदान में नरेंद्र मोदी 310 पार कर गए हैं। अब छठे और सातवें चरण में 400 पार कराकर मोदी जी को फिर से प्रधानमंत्री बनाना है। उन्होंने कहा कि 400 पार की जिम्मेदारी सातवें चरण वालों पर है। वे शनिवार को हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के अंब में विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
अन्त शाह ने कहा कि भाजपा और एनडीए तो 400 पार हो रहा है, लेकिन राहुल गांधी फिर एक बार 40 के नीचे सिमट रहे हैं। उन्होंने हमीरपुर संसदय
क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार अनुराग ठाकुर और हिमाचल विधानसभा उप-चुनाव के उम्मीदवारों को जिताने या आग्रह किया। साथ ही कहा कि हिमाचल में भी भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि यदि आप दीया लेकर भी ढूंढोगे, तो भी अनुराग ठाकुर जैसा सांसद नहीं मिलेगा। इन्होंने न केवल अपने क्षेत्र की चिंता की, बल्कि भाजपा और भाजपा की विचारधारा के साथ देश भर के युवाओं को लामबंद करने का काम किया है।
अमित शाह ने कहा, “कांग्रेस के नेता हमें डराते हैं कि पीओके की बात मत करिए, पाकिस्तान के पास एटम बम है। मैं आज देवभूमि से कहता हूं – राहुल बाबा हम भाजपा वाले हैं, एटम बम से नहीं डरते। मैं डंके की चोट पर कहता हूं – पीओके भारत का है, रहेगा और हम उसे लेकर रहेंगे। राहुल बाबा और उनकी बहन शिमला में छुट्टियां मनाने तो आते हैं, लेकिन ये रामलला की प्राण प्रतिष्ठा में नहीं गए। ये इसलिए नहीं गए, क्योंकि ये अपने वोटबैंक से डरते हैं।”
शाह ने कहा कि इंडी गठबंधन वालों के पास प्रधानमंत्री पद का प्रत्याशी ही नहीं है। एक पत्रकार ने उनसे पूछा कि आपका प्रधानमंत्री कौन बनेगा? तो उन्होंने जवाब दिया कि बारी-बारी से 1-1 साल एक-एक व्यक्ति बनेगा। उन्होंने राहुल गांधी से कहा कि ये परचून की दुकान नहीं है, 140 करोड़ लोगों का देश है। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में एक ओर हर 6 महीने में छुट्टी मनाने वाले राहुल गांधी हैं और दूसरी ओर 23 साल से दीपावली की भी छुट्टी लिए बगैर सेना के जवानों के साथ सरहद पर मिठाई खाने वाले नरेन्द्र मोदी हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हिमाचल प्रदेश को दी गई सभी केंद्र परियोजनाएं भी गिनाई जो 10 हजार करोड़ से अधिक है। उन्होंने हिमाचल की वर्तमान कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार झूठी और निक्कमी है। पहली कैबिनेट में एक लाख नौकरी देने का वादा, महिलाओं को 1500 रुपए, गोबर खरीद जैसी कोई भी गारंटी कांग्रेस पार्टी ने पूरी नहीं की है।
