Spread the love

कुल्लू। मण्डी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा है कि सांसद बनने के बाद वह विदेशों से आने वाले सेब पर आयात शुल्क बढ़ाने के लिये प्रदेश के बागवानों की आवाज को प्रमुखता से उठाएंगे। उन्होंने कहा कि कुल्लू में फल उत्पादकों के लिये कोल्ड स्टोर बने, एक बड़ा सेब व अन्य फलों का जूस संयंत्र बने, यह भी उनकी प्राथमिकता में है। उन्होंने कहा कि युवाओं को घरद्वार पर रोजगार उपलब्ध हो, स्वरोजगार के द्वार खुले, यह उनका मण्डी संसदीय क्षेत्र के लिये विजन है।

आज कुल्लू जिला के भूट्टी, वनोगी, देवरी, न्यूली, रैला, पुखरी, तलाडा व जीभी में अपनी चुनावी सभाओं को सम्बोधित करते हुए विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि उनका विकास का विजन सबके सामने है, जबकि भाजपा की प्रत्याशी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम का ही जाप कर रही है। उन्होंने कहा कि राजनीति कोई पेशा नहीं है जन सेवा का एक बड़ा माध्यम है। इसके लिए लोगों के बीच रहकर उनकी समस्याओं को देखना व समझना पड़ता है। उन्होंने कहा कि देव संस्कृति का सरंक्षण करना हमारा परम धर्म है। 

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि भाजपा धर्म के नाम पर राजनीति करती है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर आरोप लगाया कि वह अपनी प्रत्याशी कंगना की हार देख कर बौखला गए हैं और अब वह मण्डी में क्षेत्रवाद की राजनीति कर रहे हैं। विक्रमादित्य सिंह ने कंगना रनौत के उस वक्तव्य पर, जिसमें वह कह रही है कि एक ही परिवार कुर्सी से चिपके रहना चाहते हैं, पर कहा कि प्रदेश के लोगों ने स्व. वीरभद्र सिंह को छह बार मुख्यमंत्री के तौर पर चुना। सांसद प्रतिभा सिंह को मण्डी से 3 बार सांसद के तौर पर चुना। उन्होंने कहा कि कंगना ऐसे बयान देकर प्रदेश के जनमत व 70 लाख लोगों की भावनाओं का अपमान कर रही है। 

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कंगना भाजपा के वरिष्ठ नेताओं पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी का भी यह कह कर अपमान कर रही है कि देश में जो भी विकास हुआ है वह सब 2014 के बाद ही हुआ है। यह कहना कि देश को आजादी भी 2014 में ही मिली, स्वतंत्रता सेनानियों का घोर अपमान है जो कभी सहन नहीं किया जा सकता।

मनाली के सिमसा के लोगों की समस्याएं करेंगे दूर – विक्रमादित्य सिंह

इससे पूर्व, गत सांय विक्रमादित्य सिंह ने मनाली के सिमसा पंचायत में जन सम्पर्क में लोगों से उन्हें वोट देने की अपील की। सिमसा के लोगों ने विक्रमादित्य सिंह का गर्म जोशी से स्वागत करते हुए उन पर अपना पूरा विश्वास जताते हुए कहा कि सिमसा पंचायत की समस्याओं को दूर करेंगे। उन्होंने बताया कि जब से कंगना ने यहां अपना घर बनाया है तभी से यहां विशेष तौर पर उनके पड़ोसियों का जीना दूभर हो गया है। यहां लोगों की आजादी पर अंकुश लग गया है। उन्होंने बताया कि कंगना ने यहां लोगों पर पुलिस मामले तक बनाए हैं। वह यहां एक तानाशाह की तरह लोगों से व्यवहार करती हैं जो बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है।

विक्रमादित्य सिंह ने सिमसा पंचायत के लोगों को आश्वासन दिया कि सांसद बनने के बाद वह इस पंचायत में सड़क, पेयजल के साथ-साथ अन्य जन उपयोगी सुविधाओं का विस्तार करेंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें किसी से डरने की कोई आवश्यकता नहीं है। वह उनके अधिकारों का पूरा सरंक्षण करेंगे। बता दें कि भाजपा प्रत्याशी कंगना ने अपना नया घर यहीं बनाया है। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *