Spread the love

कहा – शिमला सीट पर विजय दर्ज करेंगे विनोद सुल्तानपुरी, कुटलैहड़ में विवेक शर्मा के विधायक बनते ही खुलेगा विकास का पिटारा

शिमला। हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने रायबरेली व अमेठी में अपने दौरे के तुरंत बाद हिमाचल पहुंचते ही कांग्रेस के लिए धुआंधार प्रचार करना शुरू कर दिया है। शिमला सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी विनोद सुल्तानपुरी के लिए उन्होंने नालागढ़ में हरदीप बाबा द्वारा आयोजित जनसभा में भाग लिया, वहीं ऊना पहुंच कर कुटलैहड़ क्षेत्र के उपचुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशी विवेक शर्मा के समर्थन में आयोजित चताड़ा की जनसभा में भाग लिया। 

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि रायबरेली में कांग्रेस के पक्ष में माहौल हैं। उन्होंने कहा कि इस बार भाजपा को अनेक राज्यों में बड़ा नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा कि 400 पार का नारा हवा हो गया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में चमत्कारी परिणाम होंगे और बीजेपी चारों लोकसभा की सीट हार रही है। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि भाजपा ने जिस प्रकार से हिमाचल की देवभूमि में धनबल से सरकार तोड़ने की साजिश रची, इस साजिश को प्रदेश की जनता करारा जवाब देगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार भाजपा की साजिश के बाद और मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि इन उपचुनावों के परिणाम के बाद सरकार पूरी तरह मजबूत होगी। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि आने वाले उपचुनावों को भी कांग्रेस पार्टी जीतेगी।

अग्निहोत्री ने कहा कि शिमला के सांसद अपना रिपोर्ट कार्ड जनता को बताएं कि क्या किया है? उन्होंने कहा कि नालागढ़ में कांग्रेस को बढ़त मिलेगी। उन्होंने कहा कि विनोद सुल्तानपुरी शिमला क्षेत्र में विकास को आगे बढ़ाएंगे। सरकार विकास के काम करेंगी। 

उधर, अग्निहोत्री ने कुटलैहड़ क्षेत्र चताड़ा में कांग्रेस प्रत्याशी विवेक शर्मा के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि जो बिक गए, जिन्होंने ईमान बेच दिया, उन्हें सबक सिखाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि ऊना जिला के दो विधायकों ने कांग्रेस पार्टी को धोखा दिया, लेकिन कांग्रेस पार्टी की सरकार को बचाने के लिए ऊना के दो विधायक वे खुद और सुदर्शन बबलू सरकार के साथ खड़े रहे, यह भी इतिहास में दर्ज होगा। उन्होंने कहा कि आज फिर जिला ऊना के पास मौका आया है कि धोखा देने वालों की परमानेंट नो एंट्री करें और गगरेट व कुटलैहड़ से कांग्रेस प्रत्याशियों को जीत दिलाकर सरकार को मजबूत बनाएं। 

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि विवेक शर्मा कुटलैहड़ के विकास के ध्वजवाहक बनेंगे। उन्होंने कहा कि विकास के हर कार्य को किया जाएगा। पानी की समस्या को दूर करेंगे। धार्मिक पर्यटन को मजबूत करेंगे। जल क्रीड़ा को मजबूत करेंगे। विकास के कार्य चरणबद्ध ढंग से करेंगे। मुकेश ने कहा कि कुटलैहड़ को भी आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता अति उत्साह में है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ता फील्ड में उतर जाए। उन्होंने कहा कि सभी का मान सम्मान कांग्रेस की सरकार व पार्टी द्वारा किया जाएगा। 

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि महिलाओं को 1500 देने की अधिसूचना जारी कर दी गई है। उन्होंने कहा कि लाहौल स्पीति में तो 1500 मिलने शुरू हो गए हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारियो को पेंशन देकर उनका भविष्य सुरक्षित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा महिला, युवा ,किसान, बागवान व  कर्मचारी विरोधी है इसलिए हिमाचल की जनता हिमाचल का आपदा के समय में विरोध करने वाले नेताओं को सबक सिखाएं। 

4500 करोड़ रुपए का पैकेज हिमाचल सरकार ने अपने संसाधनों से दिया – अग्निहोत्री 

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि 4500 करोड़ रुपए का पैकेज हिमाचल सरकार ने अपने संसाधनों से दिया है। उन्होंने कहा कि 11000 करोड़ रुपए का क्लेम केंद्र की सरकार को भेजा गया, उसमें से कोई पैसा नहीं आया है। उन्होंने कहा कि आपदा का पिछले वर्षों का जो पैसा रुका था वही आया है, जो हिमाचल का हक था। उन्होंने कहा कि हिमाचल के दु:ख के दिनों में कौन आया कौन नहीं आया, जनता यह सब याद रखें? अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश के विकास के लिए, आत्मनिर्भर हिमाचल के लिए जनता कांग्रेस का साथ देकर कांग्रेस के उम्मीदवारों को जिताएं‌। कांग्रेस की सरकार आम आदमी की सरकार है, हर वर्ग के कल्याण के लिए काम करेगी। उन्होंने कहा कि हिमाचल को आत्मनिर्भर बनकर आगे बढ़ाएंगे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *