शिमला। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिन्दल ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी नेताविहीन, नीतिविहीन, विचारविहीन होने के कारण लगातार नीचे की ओर जा रही है। उन्होंने कहा कि 450 सांसदों वाली पार्टी आज 50 सांसदों पर पहुंच गई है और 4 जून को आने वाले चुनाव परिणामों में यह पार्टी 40 से नीचे पहुंच जाएगी। उन्होंने कहा कि 28 राज्यों में सत्ता चलाने वाली कांग्रेस आज 2-3 राज्यों में सिमट गई है। इसलिए कांग्रेस ने उन लोगों के साथ समझौते किए हैं जो राष्ट्र विरोधी गतिविधियों में संलिप्त है, इसलिए कांग्रेस का पतन निश्चित है। वे रविवार को शिमला संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी सुरेश कश्यप के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
डाॅ0च,। बिन्दल ने कहा कि कांग्रेस रंग भेद, नसल भेद, जाति भेद, धर्म भेद करके एक बार फिर देश को विभाजन के कगार पर ले जा रही है। गांधी परिवार के गुरू सैम पित्रोदा ने भारत के देशवासियों का अपमान किया। कुछ को मंगोलियन कहा, कुछ को अरेबियन कहा, कुछ को अफ्रीकन के साथ मिलाया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पूरे देश में अल्पसंख्यक आरक्षण देने की जोर-शोर से वकालत कर रहे हैं और बहुसंख्यकवाद अर्थात हिन्दुत्व इस देश में नहीं चलेगा, यह कांग्रेस पार्टी के घोषणा पत्र का प्रमुख हिस्सा है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के विकास पर भी यही बात लागू होती है। हिमाचल का विशेष श्रेणी का दर्जा (90ः10 के अनुपात में विकास राशि) कांग्रेस ने छीना और नरेंद्र मोदी ने दिया। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत प्रदेश की आधी से ज्यादा ग्रामीण सड़के बनाई गईं, जो श्रद्धेय अटल जी व मोदी जी की देन है। प्रदेश में बन रहे फोनलेन हाईवे हिमाचल प्रदेश के तीव्र विकास का आधार बन रहे हैं। पठानकोट-मण्डी, कांगड़ा-शिमला, कालका-शिमला, शिमला-ढली, पिंजौर-नालागढ़, कीरतपुर-मनाली, जालंधर-मण्डी, मनाली-रोहतांग टनल, केलांग-लद्दाख टनल ये कुछ ऐसे महत्वपूर्ण मार्ग हैं, जिन पर लगभग एक लाख करोड़ रुपए व्यय हो रहा है और हिमाचल का कायाकल्प हो रहा है।
डाॅ. बिन्दल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हिमाचल की महिलाओं के साथ, युवाओं के साथ बेईमानी की। महिलाओं को 1500 रुपए महीना देने की गांरटी दी, लेकिन दी फूटी कौड़ी भी नहीं दी। इसी तरह युवाओं को सालाना एक लाख सरकारी नौकरियां देने की गारंटी दी, लेकिन एक भी युवक को रोजगार नहीं दिया। 20 लाख किसानों के साथ बेईमानी की है। 100 रुपए लीटर दूध और 2 रुपए किलो गोबर खरीदने की गारंटी दी थी, कुछ नहीं किया। बिजली उपभोक्ताओं को 300 यूनिट बिजली फ्री देने की गारंटी दी थी, अभी तक कुछ नहीं किया, हिमाचल के साथ बेईमानी की, हजारों करोड़ रुपए का कर्ज लेकर भी हिमाचल के विकास को बंद कर दिया। इसलिए हिमाचल प्रदेश की जनता नरेन्द्र मोदी के साथ चलेगी।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान ने रविवार को कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसका एजेंडा दलितों, आदिवासियों और पिछड़ों का आरक्षण छीनकर मुसलमानों को देना है। उन्होंने कांग्रेस पर वोट बैंक, धर्म और जाति की राजनीति करने का भी आरोप लगाया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सभी के विकास पर ध्यान केंद्रित करते हुए देश में राजनीति की परिभाषा और संस्कृति को बदल दिया है। सौदान सिंह ने कांग्रेस पर भगवान राम विरोधी एवं सनातन धर्म विरोधी होने और राष्ट्र विरोधियों का साथ देने का भी आरोप लगाया।
भाजपा प्रत्याशी सुरेश कश्यप ने कहा कि इस लोकसभा चुनावो में प्रदेश में चारों सीटें जीत कर कमल खिलाएंगे और केंद्र में हम एक बार फिर मोदी सरकार बनाएंगे। पीएम मोदी दुनिया के सबसे लोक प्रिय नेता हैं और कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक एक ही आवाज एक ही नारा चल रहा है “फिर एक बार मोदी सरकार”। उन्होंने कहा की पिछले 10 वर्षों में पीएम मोदी ने देश एक नई राह दिखाई है, पीएम ने देश को दुनिया का सबसे शक्तिशाली देश बनाया है। पीएम मोदी ने देश को मजबूत बनाते हुए नारी शक्ति, युवा, किशन, वरिष्ठ नागिरकों और सभी वर्गों को नई बुलंदियों पर पहुंचाने का काम किया है।
