Spread the love

ऊना। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा एवं खेल मामलों के मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा है कि कांग्रेस में शीर्ष नेतृत्व से लेकर नीचे तक पढ़ने लिखने की आदत नहीं है। इसीलिए उन्हें भाजपा का विकास और अपना भ्रष्टाचार नहीं दिखता। उन्होंने कहा कि भाजपा ने मात्र 1 वर्ष में 20 हजार ग्रामीण आवास मंजूर कराए हैं। आपदा के समय त्वरित तौर पर 1762 करोड़ रुपए दिए गए। मनरेगा में भी अलग से पैसे दिए, लेकिन कांग्रेस ने तिरपाल बांटने में भी बंदरबांट करते हुए यह देखा कि कौन कांग्रेस का है कौन बीजेपी का है। कांग्रेस नेताओं ने तिरपाल बंटाई में भी भाई-भतीजावाद को प्राथमिकता दी। इन्होंने खुद तो आपदा पीड़ितों के लिए कुछ नहीं किया और केंद्र से मिली मदद का भी उपयोग नहीं कर पाए।

अनुराग ठाकुर सोमवार को ऊना और हरोली मंडल के पन्ना प्रमुखों के सम्मेलन में बोल रहे थे। उन्होंने कहा, “आज चुनाव परिणाम से पहले ही कांग्रेस पार्टी हार मान चुकी है। इसलिए वह कभी ईवीएम तो कभी इलेक्शन कमीशन तो कभी कुछ और पर ठीकरा फोड़ रहे हैं। कांग्रेस तो झूठ, भय और भ्रष्टाचार से आगे बढ़कर अब डीप फेक का उपयोग कर रही है। कांग्रेस की देश विरोधी नीतियों का आलम यह है कि आज उन्हें समर्थन भारत से नहीं, बल्कि पाकिस्तान से मिल रहा है। विदेशी ताक़तें कांग्रेस से अपनी उम्मीदें लगाए बैठी हैं, लेकिन भारतीय जनता अब कांग्रेस के हाथों में देश कभी नहीं देगी। उन्होंने कहा कि यह वही कांग्रेस है जो सैन्य खरीद में भी भ्रष्टाचार करती है। सेना को कमजोर बनाना चाहती है। सेना के पराक्रम पर सवाल उठाती है और कसाब जैसे आतंकवादी के पकड़े जाने के बाद भी पाकिस्तान पर कोई कार्रवाई नहीं करती है।”

अनुराग ठाकुर ने कहा, “आपदा से पहले कोविड काल में भी मैंने सिर्फ हमीरपुर संसदीय क्षेत्र नहीं, बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश को ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, सिलेंडर, पीपीई किट, मास्क और जरूरी दवाइयां उपलब्ध कराई थीं। हमारी संस्कृति आपदा में राजनीति करने की नहीं है लेकिन कांग्रेस वाले आपदा के समय और नीचे गिरने लगते हैं।”

 अनुराग ठाकुर ने कहा कि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र को इतने बड़े-बड़े प्रोजेक्ट मिले हैं जिनकी पहले कोई कल्पना भी नहीं कर सकता था। 1762 करोड़ रुपए के एम्स अस्पताल के बाद किसे पता था कि हम अपने ऊना के लिए 500 करोड़ का पीजीआई अस्पताल भी मंजूर करवा लेंगे। लेकिन यह सब हमने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संभव कराया है। आज हमारा संसदीय क्षेत्र मेडिकल टूरिज्म का हब बनने वाला है। इससे यहां रोजगार और स्वरोजगार के साधन उपलब्ध होंगे। इसी प्रकार आज हमारे यहां सभी बड़े शैक्षणिक संस्थान हैं और अब प्रदेश का पहला सिंथेटिक हॉकी फील्ड भी हम ऊना में हीं बनाने जा रहे हैं। आज हमने दौलतपुर चौक तक रेलवे लाइन पहुंचा दी है और उसका विद्युतीकरण भी किया है।

अनुराग ठाकुर ने कहा, “जब कांग्रेस की सरकार में मैं यहां से सांसद था तब मैं लड़कर यहां प्रोजेक्ट लाता था तब भी उस समय की कांग्रेस की सरकार उन्हें लागू नहीं करती थी। लेकिन नरेंद्र मोदी की सरकार में मैंने प्रोजेक्ट भी लाया और जयराम ठाकुर की सरकार में उसे लागू भी कराया। इसी प्रकार आज अगर हिमाचल के उद्योगों में 7 लाख लोग कार्यरत हैं तो वह श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार और श्री प्रेम कुमार धूमल जी की सरकार में संभव हुआ था। यह औद्योगिक पैकेज अटल जी और धूमल जी की सरकार के समय 2002 में मिला था। उसके बाद से अगर कोई औद्योगिक पैकेज मिला है तो बल्क ड्रग पार्क और मेडिकल डिवाइस पार्क के रूप में मिला है जो मोदी जी ने दिया है। इससे 30000 और लोगों को रोजगार मिलेगा।”

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *