शिमला। भाजपा के पूर्व महामंत्री एवं विधायक त्रिलोक जम्वाल ने कांग्रेस पार्टी पर धावा बोला है। उन्होंने कहा कि महिला विरोधी तो केवल मात्र कांग्रेस पार्टी है, जहां उनके वरिष्ठ नेताओं के बयान इस बात का सबूत देते हैं और उनके मुख्यमंत्री एवं सरकार इस बात की पुष्टि करती है। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस की नीयत सही होती तो पहले साल सरकार बनते ही यह प्रति माह 1500 रुपए महिलाओं को कांग्रेस सरकार देना शुरू कर देती, पर उनकी नीयत ही साफ नहीं थी।
जम्वाल ने कहा कि कांग्रेस सरकार की नीयत में खोट था, इसलिए जब वह सत्ता में आए तो उनका किया गया वादा कि पहली कैबिनेट में ही 1500 रुपए महिलाओं को देना शुरू कर देंगे, वह आज तक पूरा नहीं हो पाया। उन्होंने आरोप लगाया कि अब एक बार फिर कांग्रेस की ठगों की फौज हिमाचल प्रदेश के प्रत्येक वर्ग को ठगने निकली है। उन्होंने कहा कि अनेकों प्रकार के फॉर्म भरे जा रहे थे, जिसका लाभ 1 रुपए का नहीं था।
जम्वाल ने कहा कि जब विधानसभा का चुनाव हुआ था तब एक ब्लू फॉर्म भी इन्हीं नेताओं ने भरवाया था। उसके बाद भी 1500 रुपए प्रति माह महिलाओं को नहीं मिले थे। उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की नीयत साफ होती तो जब हिमाचल प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र चल रहा था तो बजट में यह 1500 रुपए देने का प्रावधान करती, पर उन्होंने 1 रुपए का प्रावधान भी नहीं किया था। उन्होंने कहा कि जैसे ही बजट सत्र का समापन हुआ, उसके बाद मुख्यमंत्री ने घोषणा कर दी कि प्रत्येक महिला को 1500 रुपए देंगे, पर वह घोषणा भी अजीब है जिसमें यह पारदर्शिता ही नहीं है कि किसी महिला को 1500 रुपए मिलेंगे और किसको नहीं। उन्होंने कहा कि जिन महिलाओं को पहले से ही स्वावलंबन राशि मिल रही थी, उन्हीं को ही इस घोषणा का लाभ होगा। उन्होंने कहा कि जहां प्रदेश में 22 लाख महिलाएं हैं और 27 लाख महिला वोटर है, वहां केवल मात्र 5 लाख महिलाओं की बात करना ठीक नहीं है। इसलिए उनका मानना यह है कि कांग्रेस पार्टी भाजपा को कोसना बंद करे और अपने काम पर फोकस करे।
