शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने दावा किया है कि इस बार लोकसभा चुनावों में भाजपा को हार का मुंह देखना पड़ेगा। उन्होंने कहा है कि भाजपा को अपने 10 साल के कार्यकाल का लेखा जोखा देते हुए बताना चाहिए कि उसने पिछले चुनावों के दौरान लोगों से किये कितने चुनावी वादे पूरे किए हैं। हर साल दो करोड़ लोगों को रोजगार देने और हर एक व्यक्ति के खाते में 15 लाख देने के वादे का क्या हुआ।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि इस बार लोकसभा चुनावों में भाजपा की कोई जुमलेबाजी चलने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि आज देश मे बढ़ती मंहगाई व बेरोजगारी के सारे रिकॉर्ड टूट गए हैं। ध्रुवीकरण व तुष्टिकरण की राजनीति कर विपक्ष की आवाज दबाई जा रही है। आज जिस प्रकार जांच एजेंसियों का दुरूपयोग किया जा रहा है, वह किसी से छिपा नहीं है।
प्रतिभा सिंह ने कांग्रेस के घोषणा पत्र को लेकर भाजपा नेताओं की बयानबाजी पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा कांग्रेस के घोषणा पत्र घबराए हुई है। कांग्रेस के पांच न्याय और 25 गारंटिया देश के प्रति कांग्रेस का विजन है, जिसे वह पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश में सामाजिक, आर्थिक व राजनैतिक न्याय की हमेशा पक्षधर रही है। आज कांग्रेस देश मे हो रहे इस अन्याय के खिलाफ भाजपा से लड़ रही है। उन्होंने कहा कि आज जिस प्रकार देश में लोकतंत्र को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है, वह बहुत ही दुखदाई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की चारों लोकसभा सीटों के साथ-साथ प्रदेश विधानसभा उप चुनाव की सभी सीटों पर जीत हासिल करेगी।
