Spread the love

मंडी। हिमाचल की जनता आने वाले चार जून को एक नहीं दो सरकारें चुनने जा रही है। ये मात्र लोकसभा का चुनाव नहीं है। हिमाचल के इतिहास में ऐसा पहली बार होने जा रहा है कि जनता 14 महीनों की सरकार को चलता कर नई सरकार चुनेगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू जितना मर्जी जोर अपनी सरकार बचाने के लिए लगा लें, लेकिन ये झूठी सरकार टिकने वाली नहीं है। क्योंकि आज से ठीक एक माह पहले ही ये कांग्रेस सरकार अपना बहुमत खो चुकी है। अपने गृह क्षेत्र सराज के थुनाग में शुक्रवार को आयोजित भाजपा त्रिदेव सम्मेलन में ये दावा करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री एवं सराज के विधायक जयराम ठाकुर ने किया। 

जयराम ठाकुर ने कहा कि ये मात्र लोकसभा नहीं हिमाचल में  नई सरकार चुनने का भी अवसर है। राज्यसभा चुनाव के बाद आज मुख्यमंत्री सुक्खू के कारण ही ये परिस्थितियां बनी है, क्योंकि उनके कामकाज के तौर तरीकों से न उनके अपने विधायक खुश हैं और न कांग्रेस संगठन। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग ही सुक्खू सरकार के काम पर सवाल उठा रहे हैं। ऐसे में भाजपा को दोष देना कांग्रेसी नेता बंद करें। 

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि आज मुख्यमंत्री के कारण कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ही चुनाव लड़ने से दूर भाग रही है। कह रही है कि काम न होने से कार्यकर्ता नाराज हैं। उनके कैबिनेट सहयोगी ही इस यारों की सरकार से परेशान हैं और रोते हुए कैबिनेट से बाहर भाग रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अपने विधायकों को जेड प्लस सुरक्षा दे रखी है ताकि वे कहीं भाग न जाएं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्यसभा चुनाव के बाद विधानसभा अध्यक्ष को इस पूरे मामले में तटस्थ रहना चाहिए था और ऐसी हम उम्मीद करते थे, लेकिन अब तो हद हो गई है कि तीन निर्दलीय विधायकों ने भी इस सरकार के दमन से तंग आकर एक सप्ताह पहले इस्तीफा अपनी सदस्यता से दे दिया है लेकिन विधानसभा अध्यक्ष ने उसे स्वीकार नहीं किया। 

उन्होंने कहा कि हम न्यायालय में इस मामले को ले जा रहे हैं। लोकतंत्र में ऐसा करना सही नहीं है। विधायक अपनी इच्छा से सदस्यता छोड़ रहे हैं जब उन्हें लगा कि ये सरकार उनके साथ सौतेला व्यवहार और राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से मामले दर्ज कर प्रताड़ित करने पर तुली हुई है। उन्होंने कहा कि ऐसा पहले कभी नहीं हुआ है। अब ये लड़ाई हम लड़कर ही जीतेंगे। 

नरेंद्र मोदी का प्रधानमंत्री बनना दीवार पर लिखी इबारत 

जयराम ठाकुर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि एक दशक में हुए ऐतिहासिक कार्यों के आधार पर कह सकता हूं कि कोई ताकत ऐसी नहीं है जो नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने से रोक सके, क्योंकि ये दीवार पर लिखी हुई इबारत है। उन्होंने कहा कि सराज भाजपा के कार्यकर्ता समर्पण भाव के साथ बड़े से बड़ा लक्ष्य हासिल करने की क्षमता रखते हैं। मेरी गैर मौजूदगी में भी मेरे कार्यकर्ता साथी अपेक्षा से अधिक कार्य करके दिखाते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सराज भाजपा का पूरा परिवार आगामी लोकसभा चुनाव में भी पार्टी की जीत के लिए अहम भूमिका निभाएगा। इस मौके पर मंडल भाजपा के प्रमुख पदाधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहे। इससे पहले कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *