ऊना। भाजपा प्रदेश एवं संसदीय क्षेत्र चुनाव प्रबंधन समिति की अहम बैठक शुक्रवार को भाजपा जिला ऊना मुख्यालय में हुई। इसकी अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने की। बैठक में प्रदेश के लोकसभा चुनाव प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह प्रभारी संजय टंडन, प्रदेश महामंत्री संगठन सिद्धार्थन, महामंत्री प्रो. सिकंदर कुमार, बिहारी लाल शर्मा उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार में घुटन का माहौल है। इसी कारण 43 विधायकों वाली कांग्रेस आज 34 पर पहुंच गई है, यह बहुत बड़ी बात है। उन्होंने कहा कि अभी 6 या 9 उपचुनाव आने वाले हैं और इस बैठक में वे संकल्प लेते हैं कि 9 के 9 विधानसभा उपचुनाव जीतेंगे। उन्होंने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम से कांग्रेस कैंप, सरकार और पार्टी में सुनामी आ गई है। इस कारण आज कांग्रेस को लोकसभा चुनावों को लेकर प्रत्याशी तक नहीं मिल रहे हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पूरी चिंता में है कि अब क्या करना चाहिए। उन्होंने कहा “भाजपा को पूरा विश्वास है कि आने वाले लोकसभा चुनावों में हिमाचल में हम 4 की 4 लोकसभा सीट जीतेंगे। हम आगे बढ़ रहे हैं और देश में हम 400 पार जाने वाले हैं।”
बैठक में डॉ. बिंदल ने चुनावी कैलेंडर के बारे में जानकारी भी दी, जिसमें एससी मोर्चा, महिला मोर्चा, प्रधान उपप्रधान, विधायक, ओबीसी, अल्पसंख्यक सम्मेलन, बूथ विजय, लाभार्थी संपर्क अभियान, स्थापना दिवस, नव वर्ष, राम नवमी, अंबेडकर जयंती जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम शामिल है। उन्होंने कहा कि सभी संसदीय क्षेत्र के संयोजक पूर्व में ही नियुक्त हो चुके हैं और अब उपचुनावों की दृष्टि से प्रति एक विधानसभा का संयोजक भी नियुक्त किया जाएगा।
भाजपा सह प्रभारी संजय टंडन ने बैठक में कहा कि भाजपा ने काम किया है और काम करेगी। भाजपा अपनी उपलब्धियों को महासंपर्क अभियान के तहत घर-घर पहुंचने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि हम विशेष संपर्क कार्यक्रम के माध्यम से हर सामाजिक समूह के साथ संपर्क करने का पूर्ण प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले के समदो-काजा-ग्राम्फू खंड पैकेज-4 के लिए केंद्र सरकार ने 518.90 करोड़ की स्वीकृति दे दी है। यह मार्ग मनाली-लेह और हिंदुस्तान तिब्बत मार्ग को आपस में जोड़ता है। उन्होंने कहा कि एम्स, मेडिकल कॉलेज, मेडिकल डिवाइस पार्क जैसी बड़ी उपलब्धियां भाजपा सरकार की है, जिनको हम घर-घर पहुंचाएंगे।
भाजपा के पास नेता, नीयत और नेतृत्व है और सामने डूबती हुई कांग्रेस – श्रीकांत शर्मा
प्रदेश के लोकसभा चुनाव प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने कहा कि यह हमारा सौभाग्य है कि देश के पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसा शक्तिशाली नेतृत्व है। भाजपा के कट्टर विरोधी भी पीएम मोदी पर एक भी दाग नहीं लगा पाए, यह बहुत बड़ी बात है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव विकसित भारत और विकसित हिमाचल का है और हम सब इन चुनावों में सेनापति की भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का देश और प्रदेश से सुपड़ा साफ होना तय है। ऐसे में हम सभी को इसमें एक सकारात्मक भूमिका निभानी है। श्रीकांत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता किसी से छिपी हुई नहीं है। वह देश ही नहीं, विदेश में भी सर्व लोकप्रिय हैं। ऐसे में अमेरिका के एक सांसद ने विश्वास जताया है कि आगामी लोकसभा चुनाव में वह फिर से निर्वाचित होंगे। वहीं, जॉर्जिया से रिपब्लिकन सांसद रिच मैककॉर्मिक ने एक इंटरव्यू में कहा, ‘प्रधानमंत्री मोदी काफी लोकप्रिय हैं। मैं भारत में था। मैंने प्रधानमंत्री मोदी और अन्य कई सांसदों के साथ दोपहर का भोजन किया और पार्टी में उनकी लोकप्रियता देखी। वह फिर प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा हर बूथ पर अपने वोट में वृद्धि करते हुए आगामी लोकसभा चुनावों में बड़ी जीत हासिल करेगी। इस बार एक बार फिर देश में मोदी सरकार और हिमाचल में चार की चार भाजपा जीतेगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा के पास नेता, नीयत और नेतृत्व है और सामने डूबती हुई कांग्रेस है। हम संकल्प से सिद्धि का लक्ष्य लेते हुए हुए बूथ पर कमल खिलेगा।
