Spread the love

मंडी। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा एवं खेल मामलों के मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर सोमवार को‌ मंडी जिले के धर्मपुर विधानसभा के टिहरा में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हुए। सर्वप्रथम उन्होंने पीएनबी ब्रांच का उद्घाटन किया और उसके बाद नशा मुक्ति अभियान हेतु आयोजित बाइक रैली में शामिल हुए। अंत में अनुराग ठाकुर ने धर्मपुर मंडल के त्रिदेव सम्मेलन में भाग लिया जहां उन्होंने आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में जोश और शक्ति का संचार किया।

विभिन्न कार्यक्रमों के दौरान उपस्थित जनता से सीधा संवाद स्थापित करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा, “नशा के खात्मे हेतु समाज, सरकार और हम सभी को एक साथ आने की जरूरत है। मैंने अपने दायित्वों के निर्वहन हेतु नशाखोरी के खिलाफ जागरूकता फैलाने हेतु युवाओं को माध्यम बनाया है। इसके लिए हमने 7000 से ज्यादा हेलमेट बांटे हैं जिससे हमारे युवा सुरक्षित होकर नशा मुक्ति के लिए आवाज उठा सकें। मुझे बेहद प्रसन्नता है की बड़ी संख्या में हमारे युवा इस आंदोलन से जुड़ रहे हैं। आज हमारे ये युवा नशा मुक्ति के ब्रांड एंबेसडर हैं।”

अनुराग ठाकुर ने कहा, “भाजपा की सरकार में हिमाचल और धर्मपुर को मिली गति आज कांग्रेस राज में थम गई है। पिछले पांच वर्षों के जयराम ठाकुर की सरकार में आपने कभी नहीं सुना की पैसों की कमी है। परंतु पिछले 14 महीना से कांग्रेस वाले सिर्फ पैसे ना होने का रोना रो रहे हैं। आप कांग्रेस वालों से पूछना की विधानसभा चुनाव से पहले जो फॉर्म भरवाए थे, उसका क्या किया?”

 अनुराग ठाकुर ने मोदी सरकार को किसने की हितैषी बताते हुए कहा, “किसान कल्याण के लिए मोदी सरकार ने जो काम किया वो आज तक किसी सरकार ने नहीं किया। अगर आप देखेंगे कि स्वामीनाथन कमिटी की रिपोर्ट को लागू किया, लागत + 50 फीसदी कम से कम मुनाफ़ा दिया, अभी जो गन्ने का मूल्य 315 रुपए से बढ़ाकर 340 रुपए प्रति क्विंटल किया गया, इसमें एफआरपी तय करने से 107 फीसदी लाभ हुआ है। इसके अलावा जितनी ख़रीद हुई, कांग्रेस के समय पर 10 साल में एमएसपी पर ख़रीद 5.5 लाख करोड़ हुई, वहीं मोदी सरकार में 18 लाख 40 हज़ार करोड़ की हुई। कांग्रेस के समय 7 लाख करोड़ बैंक से मिला, हमारे समय में 20 लाख करोड़ रुपये पिछले साल मिले। कांग्रेस के समय कोई मुआवज़ा नहीं मिला, हमारे समय में 1 लाख 54 हज़ार करोड़ का मुआवज़ा मिला। कांग्रेस के समय 27, 662 करोड़ रुपये का बजट था, हमारे समय 1 लाख 25 हज़ार करोड़ रुपये का बजट है जो 5 गुना ज़्यादा है। कांग्रेस के समय पर नाम मात्र पैसा सिंचाई योजना पर खर्च हुआ, हमने 15, 511 करोड़ रुपये इस पर खर्च किये। यही नहीं किसान सम्मान निधि कांग्रेस के समय में ना थी, ना किसानों का सम्मान ना निधि, हमने 2 लाख 81 हज़ार करोड़ रुपये 12 करोड़ किसानों को पिछले 5 सालों में दिया है और इसके अलावा अनेकों काम किए गए, कांग्रेस के समय खाद यूरिया नहीं मिलता था, हमारे समय में कभी कमी नहीं आयी और 3 लाख करोड़ की सब्सिडी भी हमने पिछले साल खाद और यूरिया पर दी।

अनुराग ठाकुर ने आगे बताया कि पहले हिमाचल के किसानों को अपनी फसल बेचने हेतु पंजाब जाने को विवश होना पड़ता था पर आज हमने हिमाचल के अंदर ही 12 खरीद केंद्र बनाकर दिए हैं। हमने ऊना जिले में 500 करोड़ की लागत से हिंदुस्तान पैट्रोलियम लिमिटेड के माध्यम से इथेनॉल प्लांट मंजूर कराया है। अब आप अपना मक्का, गन्ना, गेहूं या अन्य फसलें वहां जाकर बेच सकते हैं जिससे वह एथेनॉल का निर्माण करेंगे और आपको अच्छा पैसा और सस्ता पेट्रोल मिलेगा।”

अनुराग ठाकुर ने आगे हिमाचल की सड़क परियोजनाओं की जानकारी देते हुए कहा, “अभी हमने हमीरपुर से अवाह देवी चौक, धर्मपुर से लेकर मंडी तक 1200 करोड़ की सड़क मंजूर हुई है जिस पर तेजी से कार्य चल रहा है। अगले 7 महीनों में इस सड़क के पूरा हो जाने से हमीरपुर और मंडी जाने वाले समय में भारी कमी आएगी।”

अनुराग ठाकुर ने आगे मोदी सरकार द्वारा सैनिकों के लिए किए गए कार्यों की जानकारी देते हुए कहा, “प्रेमकुमार धूमल ने 1999 में वन रैंक, वन पेंशन की मांग उठाई थी। इस मांग को कई वर्षों बाद मोदी सरकार ने पूरा किया। आज वन रैंक, वन पेंशन के अंतर्गत 1 लाख करोड़ से ज्यादा रुपए हमारे सैनिकों को दिए जा चुके हैं। कांग्रेस के जमाने में हमारे सैनिकों को हथियार, लड़ाकू विमान, बुलेट प्रूफ जैकेट तक नहीं मिलते थे। कांग्रेस इसमें भी दलाली करती थी। हमारी सरकार ने रक्षा खरीद में पारदर्शिता लाते हुए 36 राफेल विमान खरीदे। अब राफेल हिंदुस्तान में भी बनेगा। हमने 100 स्वदेशी लड़ाकू विमान तेजस का ऑर्डर भी एचएएल को दे दिया है। अब हम पनडुब्बी से लेकर एयरक्राफ्ट कैरियर तक अपने देश में बना रहे हैं। आज हम राइफल, तोप और मिसाइल भी अपने हिंदुस्तान में बना रहे हैं। कभी हमारा देश रक्षा उत्पादों का नंबर वन इंपोर्टर कहलाता था, पिछले वर्ष हमने 1 लाख करोड़ से ज्यादा के रक्षा उत्पाद देश के अंदर बनाए और 16 हजार करोड़ से ज्यादा एक्सपोर्ट भी किए हैं।”

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *