शिमला। हिमाचल प्रदेश औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान शिमला की छात्राओं तथा बिशप कॉटन स्कूल शिमला के छात्रों ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया से मुलाकात की। गौरतलब है कि ये सभी छात्र-छात्राएं शुक्रवार को सदन में होने वाली कार्यवाही को देखने आए थे।
इस अवसर पर विद्यार्थियों से संवाद करते हुए पठानिया ने कहा कि विधानसभा के चुनाव के द्वारा जिन्हें आप अपने मतों से जिताकर यहां भेजते हैं वही विधायक बनते हैं तथा केवल व ही सदन में बैठ सकते हैं। पठानिया ने कहा कि हिमाचल प्रदेश विधानसभा में कुल 68 सीटें हैं जिसमें कांग्रेस की 40, भारतीय जनता पार्टी की 25 तथा तीन सदस्य निर्दलीय हैं।
कुलदीप पठानिया ने सभी छात्र-छात्राओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज का दिन गैर सरकारी कार्य दिवस के लिए निर्धारित है, जिसमें सदस्य नियम 101 के तहत अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों की समस्याओं को प्रमुख रूप से उठाते हैं तथा अन्य कई जनहित के मुद्दों को भी उठा सकते हैं।
कुलदीप पठानिया ने उन्हें आज होने वाली कार्यवाही, संसदीय प्रणाली तथा विधानसभा की कार्य प्रणाली बारे भी अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि आज का युवा कल का भविष्य है और हमारा देश दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। उन्होंने कहा कि आज के युवा जिस तरह से संसदीय प्रणाली में रूचि ले रहे हैं उससे लोकतंत्र की मजबूती को बल मिलता है तथा भविष्य सुरक्षित नजर आ रहा है। इस अवसर पर कुलदीप पठानिया ने सभी को अपनी ओर से शुभकामनाएं दी तथा सभी को देश तथा जनहित में समर्पण से कार्य करने की सलाह दी।
