Spread the love

शिमला। अपनी उच्च परंपराओं और देश की पहली ई-विधानसभा के लिए विख्यात हिमाचल प्रदेश विधानसभा की कार्यवाही जल्द ही पूरा देश व दुनिया देखेगी। हिमाचल प्रदेश विधानसभा अपना यूट्यूब चैनल आरम्भ करने पर काम कर रही है और यह चैनल जल्द ही लॉन्च कर दिया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने सोमवार को यहां मीडिया से बातचीत में यह बात कही। 

पठानिया ने कहा कि इस चैनल के शुरू हो जाने से हिमाचल विधानसभा की कार्यवाही ऑनलाइन देखी जा सकेगी। उन्होंने कहा कि 14वीं विधानसभा का 5वां बजट सत्र परम्परा के मुताबिक राज्यपाल के अभिभाषण से 14 फरवरी को शुरू होगा। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव को देखते हुए इस बार बजट सत्र की केवल 13 बैठकें रखी गई हैं। ऐसे में राज्यपाल के अभिभाषण वाले दिन ही परम्परा से हटकर इस बार शोकोद्गार भी होगा।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू 17 फरवरी को राज्य का वर्ष 2024-25 का बजट विधानसभा में पेश करेंगे। बजट पर चार दिन चर्चा होगी, जिसका समापन मुख्यमंत्री के जबाब के साथ होगा। 22 और 26 फरवरी के दिन प्राइवेट मेंबर डे के रूप में रखे गये हैं। उन्होंने कहा कि 26, 27 और 29 फरवरी को बजट मांगों पर चर्चा होगी और 29 फरवरी को ही गिलोटिन लगेगा तथा इसी के साथ राज्य का वर्ष 2024-25 का बजट पास हो जाएगा।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि अभी तक बजट सत्र के लिए कुल 793 प्रश्न पूछे गए हैं। इन में से 582 तारांकित और 209 अतारांकित प्रश्न शामिल हैं। उन्होंने कहा कि नियम 130 के तहत 8 सूचनाएं विधानसभा को प्राप्त हुई हैं, जिनको सरकार को भेज दिया गया है। यदि सरकार इजाजत देगी तो इन पर चर्चा होगी क्योंकि नियमों के तहत बजट सत्र में बजट भाषण पर चर्चा के दौरान हर मुद्दे पर बोला जा सकता है। इसलिए किसी अन्य नियम के तहत चर्चा की कम संभावना होती है।

कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि विधानसभा बजट सत्र की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। सत्र के दौरान सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं और पूरे परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। सत्र को सुचारू रूप से चलाए के लिए विधानसभा अध्यक्ष ने मंगलवार को सर्वदलीय बैठक भी बुलाई है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *