Spread the love

शिमला। भारतीय जनता पार्टी के विधायक एंव मुख्य प्रवक्ता राकेश जम्वाल ने प्रैस वार्ता को सम्बोधित करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश के लोग 13 महीने की सुखविंदर सुक्खू सरकार से परेशान होकर सड़कों पर उतर आए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार हिमाचल प्रदेश की पहली ऐसी सरकार है जो एक वर्ष का कार्यकाल पूरा करने के अंदर ही कर्मचारी सड़कों पर उतर आएं। चाहे वो शास्त्री अध्यापक हो, बिजली बोर्ड के कर्मचारी, एसएमसी अध्यापक व एचआरटीसी के कर्मचारी हो, हर तरफ आंदोलन हो रहे हैं। 

जम्वाल ने कहा कि झूठ की नींव पर कांग्रेस पार्टी सत्ता में आई। झूठे वायदे किए, झूठी गारंटियां दी और आज 13 महीने का समय पूरा हो गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने कर्मचारियों, युवाओं और किसानों से वायदे किए, परन्तु यह सरकार एक भी वायदा पूरा करने में नाकामयाब रही। उन्होंने कहा कि चुनाव के दिनों में वर्तमान सरकार ने कहा था कि पुलिस के जवान जो 24 घंटे सेवाएं देते हैं, उन्हें अतिरिक्त एक माह का वेतन दिया जाता था उसको देने की बात कही थी। साथ में डाइट मनी देने की बात कही थी। उन्होंने कहा कि 25 जनवरी को प्रदेश के कर्मचारी और पेंशनर्स इंतजार कर रहे थे कि 25 जनवरी को मुख्यमंत्री घोषणा करेंगे, लेकिन 25 जनवरी व 26 जनवरी भी चला गया और प्रदेश के कर्मचारियों और पेंशनरों के हाथ कुछ नहीं लगा।

राकेश जम्वाल ने कहा कि आज जब प्रदेश में आपदा की स्थिति में प्रदेश के मुख्यमंत्री का बयान यह था कि भारतीय जनता पार्टी के विधायक जब आपके गांव में आये हैं तो आप उनसे पूछें कि उस आपदा की घड़ी में आप कहां थे? राकेश जम्वाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के सभी नेता, विधायक और पार्टी के कार्यकर्ता सभी इस आपदा की घड़ी में जनता के बीच में थे। उन्होंने कहा कि वे स्वयं अपने विधानसभा क्षेत्र के हर उस एरिया में पहुंचा, जहां नुकसान हुआ था और लोगों से मिलने का प्रयास किया। उनका दुख दर्द बांटा, उनकी मदद करने का प्रयास किया, लेकिन वर्तमान सरकार ने इस आपदा की घड़ी में भी भेदभाव किया है। आज बहुत से लोग हमें आए दिन मिल रहे हैं और कह रहे हैं कि मेरा घर चला गया, मेरी गौशाला चली गयी, लेकिन मुझे पैसे नहीं मिले। लोगों का कहना है कि मेरे पड़ोस में जिस व्यक्ति का नुकसान नहीं हुआ उसको पैसे मिल गए। लेकिन मुख्यमंत्री सदन के अंदर कहते हैं कि ऐसे आंकड़े दो और हम उनके खिलाफ़ कार्रवाई करेंगे। उन्होंने कहा कि इस प्रकार से हिमाचल प्रदेश में जो पिछले 13 महीनों से चल रहा है, सरकार ने आते ही पूर्व की भाजपा की जयराम ठाकुर की सरकार ने जो संस्थान लोगों की सेवा के लिए खोले थे, उन संस्थानों को बंद कर दिया और कहा कि बिना बजट के प्रावधान के एक वित्तीय वर्ष के जो संस्थान और कार्यालय सरकार ने खोले थे, उन सब को बंद कर दिया।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि आए दिन मुख्यमंत्री के दौरे हो रहे हैं। वहां पर जाकर घोषणा कर रहे हैं कि मैं यहां पर प्राइमरी हेल्थ सेंटर, डिविज़न व सब-डिविज़न देने की बात कर रहा हूं। राकेश जम्वाल ने पूछा कि कौन से बजट में प्रावधान करके मुख्यमंत्री यह घोषणा कर रहे हैं? उन्होंने कहा कि इस सरकार के दौरान चुना हुआ प्रतिनिधि अपने क्षेत्र की प्राथमिकताएं, विधायक प्राथमिकता बैठक में रखता है,‌ उनको गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। 13 महीने में मात्र अदला-बदली और पुरानी सरकार के काम रोकना और अपनी सारी नालायकियां केंद्र और भाजपा के पाले में डालना, यह काम सुखविंदर सुक्खू की सरकार ने 13 महीने में किया है और यही इस सरकार की यही उपलब्धि है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *