Spread the love

शिमला। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव अभिषेक दत्त ने कहा है कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की 14 जनवरी को मणिपुर से शुरू हो रही भारत जोड़ो न्याय यात्रा देश में भाजपा सरकार के 10 सालों के अन्याय के खिलाफ की जा रही है। राहुल गांधी की यह यात्रा देश में संविधान की रक्षा, सामाजिक, आर्थिक व राजनीतिक न्याय के लिए की जा रही है। उन्होंने कहा कि 6713 किलोमीटर की यह यात्रा 15 प्रदेशों 100 जिलों 110 लोकसभा क्षेत्रों व 337 विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी।

वीरवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए अभिषेक दत्त ने कहा कि पिछले 10 सालों में देश में बेरोजगारी तीन गुणा बड़ी है। महंगाई की दर बढ़ती जा रही है। किसानों पर तीन काले कानून थोप कर उन्हें आंदोलन करने पर मजबूर किया। इस दौरन 750 से अधिक किसान शहीद हुए। उन्होंने कहा कि देश में हर घण्टे एक किसान आत्महत्या कर रहा है। इसी तरह, देश में अनुसूचित जाति, जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग व अल्पसंख्यकों के साथ भेदभाव व अन्याय हुआ है। उन्होंने कहा कि एक रिपोर्ट के अनुसार 2013 के बाद दलितों के खिलाफ अपराध में 46.11 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। 

दत्त ने कहा कि भाजपा बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ की बड़ी बड़ी बाते करती रही है। उन्होंने कहा कि एक रिपोर्ट के अनुसार महिलाओं के खिलाफ अत्याचार बड़े है। भाजपा अपराधियों को बचाने का काम करती है। महिला खिलाडियों के साथ अन्याय, बृज भूषण शरण सिंह व कुलदीप सैंगर जैसे आरोपियों को बचाती है। उन्होंने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार कोविड के दौरान अनुमानित 47 लाख लोग मारे गए। इसमें तीन में से एक भारतीय की मौत हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार वास्तविक आंकड़ो को छुपाती रही है। 

दत्त ने कहा कि केंद्र  की भाजपा सरकार लोकतंत्र की हत्या कर रही है। उन्होंने कहा कि लोट्स ऑपरेशन कर चुनी हुई सरकारों को गिराना,जांच एजेंसियों सीबीआई, ईडी व विजिलेंस जैसी संस्थाओ का विपक्षी दलों के नेताओं के विरुद्ध इस्तेमाल किया जा रहा है। 

एक सवाल के जवाब में दत्त ने कहा कि पांच राज्यों के चुनावों में कांग्रेस को भाजपा से 10 लाख मत अधिक पड़े हैं। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह सोची समझी रणनीति के तहत चुनाव आयोग को कमजोर करने की कोशिश कर रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *