शिक्षा तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए राज्य सरकार सहायता देगी। इसके साथ ही अगले बजट में विधवाओं और एकल नारी के बच्चों की शिक्षा का पूरा खर्च वहन करने के लिए राज्य सरकार एक योजना लाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में डॉ. यशवंत सिंह परमार विद्यार्थी ऋण योजना आरम्भ की गई है, जिसके तहत विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए 20 लाख रुपये तक का ऋण एक प्रतिशत ब्याज पर उपलब्ध करवाया जा रहा है।
हमीरपुर जिला कांग्रेस के अध्यक्ष एवं कांगड़ा सहकारी बैंक के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आपदा के दौरान सशक्त नेतृत्व प्रदान किया तथा नीति आयोग व विश्व बैंक सहित अन्य कई प्रतिष्ठित संस्थाओं ने मुख्यमंत्री की नेतृत्व क्षमता की सराहना की। उन्होंने कहा कि आपदा के दौरान मुख्यमंत्री ने अपनी जमा पूंजी से 51 लाख रुपये दान में दिए तथा कोविड के समय में 11 लाख रुपये दान में दिए थे। उन्होंने कहा कि ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू आम परिवार से सम्बन्ध रखते हैं तथा वे आम जनता की दर्द को अच्छी तरह समझते हैं। इसलिए मुख्यमंत्री ने आपदा प्रभावित परिवारों के लिए मुआवजे में ऐतिहासिक बढ़ौतरी कर पूरे देश में एक मिसाल पेश की है।
नादौन ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन पृथ्वी चंद ने मुख्यमंत्री का नादौन विधानसभा क्षेत्र में पहुंचने पर स्वागत करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में आपदा के दौरान बेहतर कार्य हुआ। उन्होंने कहा कि ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में नादौन विधानसभा क्षेत्र के साथ-साथ पूरे हिमाचल का एक समान विकास हो रहा है।
इससे पहले, विधायक सुरेश कुमार, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा, पूर्व विधायक मनजीत डोगरा, राज्य कौशल विकास निगम के समन्वयक अतुल कड़ोहता, राज्य कांग्रेस प्रवक्ता विजय डोगरा, कांग्रेस नेता डॉ. पुष्पिंदर वर्मा, प्रेम कौशल, उपायुक्त हेमराज बैरवा, पुलिस अधीक्षक डॉ. आकृति शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने नादौन पहुंचने पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का स्वागत किया। धनेटा में विभिन्न संगठनों ने भी मुख्यमंत्री को सम्मानित किया।
