Spread the love

मनाली। पर्यटन नगरी मनाली से आगे अटल टनल के दोनों छोर पर वीरवार को बर्फ के फाहे गिरे। आसमान से बर्फ के फाहे गिरते देख सैलानी झूम उठे। कोकसर के सिस्सू तक पर्यटकों से रौनक छा गई। ताजा हिमपात से मनाली सहित लाहुल घाटी में पर्यटन कारोबार बढ़ने की उम्मीद है। वीरवार सुबह ही बादलों के बीच पर्यटकों ने अटल टनल का रुख किया। सुबह मौसम ने करवट बदली और चोटियों पर हिमपात शुरु हो गया। कुछ ही देर बाद अटल टनल के दोनों छोर सहित कोकसर व सिस्सू में बर्फ के फाहे गिरना शुरु हो गए। वीरवार को इन पर्यटन स्थलों में घूमने गए पर्यटकों के लिए मौसम सुहावना रहा। पर्यटकों ने आसमान से गिरते बर्फ के फाहों को कैमरे में कैद किया। पर्यटकों ने दिन भर हिमपात का आनंद उठाया। शाम होते ही पर्यटकों ने मनाली का रुख कर लिया। लाहुल घाटी के पर्यटन कारोबारी दोरजे, पलजोर व टशी ने बताया कि अटल टनल व सिस्सू में तो पर्यटकों का मेला लग गया। पर्यटकों ने दिन भर बर्फ की खेलों का आनंद लिया। मनाली के पर्यटन कारोबारी पूर्ण, जगदीश व वेद राम ने बताया कि मनाली के पर्यटन स्थलों सोलंगनाला सहित फातरु व अंजनी महादेव में पर्यटकों की भीड़ लगी रही। उन्होंने बताया कि ताजा हिमपात से पर्यटन कारोबार को गति मिलेगी। ट्रेवल एजेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष बुद्धि प्रकाश ठाकुर ने कहा कि क्रिसमस व न्यू ईयर में कारोबार गति पकड़ेगा। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष मुकेश ठाकुर ने कहा कि पहाड़ों पर हिमपात हो रहा है जबकि मनाली में भी हिमपात की उम्मीद बढ़ गई है। डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि अटल टनल की ओर पर्यटकों की आवाजाही मौसम पर निर्भर रहेगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *