Spread the love

हमीरपुर। जिला हमीरपुर के ऐतिहासिक कस्बे नादौन में 3, 4 और 5 नवंबर को एशियन राफ्टिंग चैंपियनशिप की मैराथन स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। जिला प्रशासन, पर्यटन विभाग और इंडियन राफ्टिंग एसोसिएशन ने इसकी तैयारियां आरंभ कर दी हैं। उपायुक्त हेमराज बैरवा ने बुधवार को नादौन में विभिन्न विभागों के अधिकारियों तथा राफ्टिंग एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक करके चैंपियनशिप की तैयारियों की समीक्षा की।

  इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों के पास स्थित ऐतिहासिक कस्बे नादौन में रिवर राफ्टिंग जैसी एडवेंचर स्पोर्ट्स और एडवेंचर टूरिज्म की भी काफी अच्छी संभावनाएं हैं। इसलिए, मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार यहां एशियन राफ्टिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है और संभवतः मुख्यमंत्री स्वयं इसके उद्घाटन या समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप भाग लेंगे।

  उपायुक्त ने बताया कि राफ्टिंग एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं तकनीकी कमेटी ने बुधवार सुबह ही नादौन में राफ्टिंग चैंपियनशिप के स्टार्टिंग प्वाइंट से लेकर चंबापत्तन में फिनिशिंग प्वाइंट तक पूरे रूट का जायजा लिया है और उन्होंने ब्यास के मौजूदा जलस्तर को राफ्टिंग के लिए काफी उपयुक्त बताया है। उपायुक्त ने तकनीकी कमेटी से रूट के संबंध में तुरंत सर्टिफिकेट जारी करने की अपील भी की।

  उपायुक्त ने कहा कि चैंपियनशिप के सफल आयोजन के लिए उपसमितियां गठित की गई हैं और इनमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय की गई हैं। सभी अधिकारी अपने-अपने विभागों से संबंधित आवश्यक प्रबंध 10 दिन के भीतर ही पूरा कर लें। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को राफ्टिंग के स्टार्टिंग और फिनिशिंग प्वाइंट पर और इनकी ओर जाने वाली सड़कों की मरम्मत अतिशीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने पर्यटन और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों को इस महत्वपूर्ण इवेंट का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर होर्डिंग्स लगाने के निर्देश दिए।

 उन्होंने कहा कि चैंपियनशिप के लिए महिला, पुरुष और मिक्स्ड वर्ग की 7 अंतर्राष्ट्रीय टीमों की पुष्टि आ चुकी है। इनके अलावा देश के विभिन्न राज्यों, थल सेना, बीएसएफ, अन्य अर्द्धसैनिक बलों तथा हिमाचल की स्थानीय टीमें भी इसमें भाग लेंगी। उपायुक्त ने एसोसिएशन के पदाधिकारियों को बाहर से आने वाली सभी टीमों की फाइनल सूची देने तथा पर्यटन विभाग को स्थानीय टीमों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए।

 बैठक में एडीसी मनेश कुमार, एसडीएम अपराजिता चंदेल, ज्वालामुखी के एसडीएम डॉ. संजीव शर्मा, देहरा की एसडीएम शिल्पी बेक्टा, डीएसपी रोहिन डोगरा, सहायक जिला पर्यटन विकास अधिकारी रवि धीमान, अन्य अधिकारी और इंडियन राफ्टिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष शौकतपाल सिंह भी उपस्थित थे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *