Spread the love

पांच लाख रुपये की लागत से मात्र 11 दिन में किया गया तैयार

रिकांगपिओ। जिला किन्नौर के कल्पा विकास खण्ड के तहत सांगला तहसील की ग्राम पंचायत रकच्छम में खण्ड विकास कार्यालय कल्पा द्वारा राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत हिमाचल प्रदेश का पहला अत्याधुनिक तकनीक से पूर्वनिर्मित सामान्य सुविधा केंद्र तैयार किया गया है। इस सामान्य सुविधा केंद्र को पांच लाख रुपये की लागत से मात्र 11 दिन में तैयार किया गया जिसमें ऑटोक्लेवड लाईट-वेट कन्करीट पैनल का उपयोग किया गया है। इस तकनीक से न केवल समय, बल्कि संसाधनों का भी बचाव होता है।

राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान का उद्देश्य पंचायतों में सतत विकास लक्ष्यों को पूरा करने के लिए पंचायतों की शासन क्षमताओं को विकसित करना है। इस योजना के तहत गांव में आत्मनिर्भर बुनयादी ढांचा को विकसित करना भी शामिल है।

ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत ग्रामीण एवं दूर-दराज के क्षेत्रों में सामान्य सुविधा केंद्र बनाए जाते हैं, जिनके माध्यम से नागरिकों के लिए बी2सी सेवाएं उपलब्ध करवाई जाती हैं। इसके अतिरिक्त, योजना के तहत आवश्यक सार्वजनिक उपयोगी सेवाएं, सामाजिक कल्याण योजनाएं, स्वास्थ्य देखभाल, वित्तीय शिक्षा व कृषि सेवाएं भी उपलब्ध करवाई जाती हैं। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *