Spread the love

शिमला। लोक निर्माण, युवा सेवा एवं खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बुधवार को यहां हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के खेल मैदान में तीन दिवसीय अंतर महाविद्यालय प्रथम महिला फुटबॉल टूर्नामेंट का उद्घाटन किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान राज्य सरकार महिलाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए तत्पर है और राज्य में खेल कोटा को तीन प्रतिशत से पांच प्रतिशत किया गया है और ग्रामीण क्षेत्रों में खेल अधोसंरचना विकास को महत्व दिया जा रहा है। इससे ग्रामीण प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर लोहा मनवाने का मौका मिल रहा है। 

विक्रमादित्य सिंह ने अभिभावकों से आह्वान किया कि वे अपने बच्चों को शारीरिक विकास के प्रति प्रोत्साहित करें। उन्होंने महिला फुटबॉल टूर्नामेंट में भाग ले रही 16 टीमों को शुभकामनाएं दी और खेल भावना को सर्वोपरि बताया। विक्रमादित्य सिंह ने एशियन गेम्स चीन में भारतीय महिला खिलाड़ियों को उनके शानदार प्रदर्शन पर बधाई दी और कहां की राज्य में शीघ्र ही रूरल ओलंपियाड का आयोजन किया जाएगा ताकि ग्रामीण परिवेश से आने वाले खिलाड़ियों को अपना हुनर दिखाने का मौका मिल सके।

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि राज्य में शीघ्र ही कोचों के रिक्त पदों को भरा जाएगा और जिला स्तर पर खेल अधो संरचना को मजबूत बनाया जाएगा। 

इससे पूर्व, प्रो वीसी हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय प्रो. राजेंद्र वर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और उन्हें विश्वविद्यालय की विभिन्न खेल गतिविधियों से अवगत करवाया। 

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के प्रोफेसर बाल किशन शिवराम, महेंद्र सिंह, शमशेर राठौर, आरएल जिंटा और पार्टी के पदाधिकारी गण एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे‌। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *