शिमला।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिन्दल ने कहा कि आज मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेसिंग पर संवाद के दौरान कर्फ्यू और लाॅकडाउन की स्थिति पर विस्तृत चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि इस वीडियो काफ्रेंस में सरकार और संगठन द्वारा कोरोना महामारी से निपटने के लिए बेहतर तालमेल के साथ प्रयासों को अधिक सघन बनाने पर चर्चा हुई।डा. राजीव बिन्दल ने मुख्यमंत्री को अवगत करवाया कि प्रदेश में कर्फ्यू और लाॅकडाउन के दृृष्टिगत सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल के साथ कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार और संगठन के बेहतर तालतमेल का परिणाम है आज हिमाचल में कोरोना के कारण चल रहे कर्फ्यू और लॉकडाउन में आम जन का सकारात्मक सहयोग मिल रहा है और जनता की समस्याएं मुख्यमंत्री तक सीधे पहुंच रही हैं। भाजपा ने मुख्यमंत्री द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। डा. बिन्दल ने कहा कि कर्फ्यू और लाॅकडाउन को देखते हुए जनधन खातों में 500 रुपये प्रति परिवार डाला गया है और देश में कर्फ्यू और लाॅक डाउन के दौरान 20.39 करोड़ जनधन खातों में 4.09 करोड़ रुपये की राशि जमा की गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 1.35 लाख लोगों को गैस सिलेंडर के पैसे उनके खाते में डाले गए हैं, जिससे गरीब को भी भारी राहत दी गई है। इसके साथ ही बीपीएल को 5 किलो चावल एक किलो दाल मुफत में इस बार राशन में दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में राशन, सब्जियां, दूध, फल और अन्य आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई पूरी तरह विधिवत की जा रही है इसके लिए सरकार बधाई की पात्र है। उन्होंने बताया कि पिछले कल तक हिमाचल में 71956 लोगों को पका हुआ भोजन और 30814 लोगों को राशन किट दी जा चुकी है।
