Spread the love

शिमला। प्रदेश के मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने भाजपा पर आरोप लगाया है कि वह आपदा के समय भी ओछी राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा है कि भाजपा को बताना चाहिए कि प्रदेश को इस आपदा से उभारने व लोगों को राहत देने के लिए उन्होंने केंद्र सरकार व प्रधानमंत्री से क्या प्रयास किया है।

 प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में मंगलवार को एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए नरेश चौहान ने भाजपा को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि उन्हें प्रदेश के लोगों की कोई चिंता नही है। उन्होंने कहा कि भाजपा पहले आपदा को लेकर प्रदेश विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने की मांग करती रही और जब सरकार ने विधानसभा सत्र बुलाया तो आपदा को लेकर प्रदेश सरकार के उस संकल्प का समर्थन नहीं किया, जिसमें मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने केंद्र सरकार से इस आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने व विशेष आर्थिक मदद की मांग की गई थी। उन्होंने कहा कि इससे साफ है कि भाजपा को न तो प्रदेश की कोई चिंता है और न ही प्रभावित लोगों राहत देने की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सहित सभी मंत्री व प्रदेश सरकार के सभी अधिकारी राहत कार्यों में अपना पूरा सहयोग दे रहे हैं। प्रदेश के लोग राहत कोष में भी बढ़-चढ़ कर अंशदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि इतिहास में यह पहली बार है कि किसी मुख्यमंत्री ने आपदा की इस घड़ी में अपनी सारी जमा पूंजी राहत कोष में दान की हो और यह सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कर दिखाया है।

नरेश चौहान ने कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेता शांता कुमार भी मुख्यमंत्री के राहत कार्यों की प्रसंसा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नीति आयोग ने भी प्रदेश में राहत कार्यों के लिये मुख्यमंत्री की प्रशंसा की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा बैकफुट पर है, जिसकी न तो कोई दिशा है और न ही दशा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने आपदा से प्रभावित लोगों को राहत देने के लिये राहत मैन्युल में संशोधन कर किया है और उन्हें पूरी मदद दी जा रही है। चौहान ने कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि केंद्र सरकार के मुखिया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जो हिमाचल प्रदेश को अपना दूसरा घर बताते हैं, प्रदेश की विशेष मदद करते। उन्होंने कहा कि उन्हें दुख है कि प्रधानमंत्री ने इस आपदा पर एक भी शब्द नहीं बोला। 

नरेश चौहान ने कहा कि अंदरूनी राजनीति के चलते विपक्ष बिखरा हुआ है। सरकार के खिलाफ भाजपा का प्रदर्शन पूरी तरह विफल रहा है। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *