शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया गद्दी छात्र कल्याण संघ हिमाचल प्रदेश के वार्षिक सांस्कृतिक कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उनके साथ शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया भी मौजूद थे। इस अवसर पर छात्रों द्वारा विधानसभा अध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया गया।
कुलदीप सिंह पठानिया ने दीप प्रज्जवलित कर सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। छात्रों द्वारा विधानसभा अध्यक्ष को शॉल, टोपी व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में जिला काँगड़ा तथा जिला चम्बा के गद्दी समुदाय से जुड़े सैंकडो छात्र मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने गद्दी समुदाय की पोषाक पहनी थी जो हिमाचल प्रदेश की समृद्व सांस्कृतिक धरोहर की पहचान है।
इस अवसर पर छात्रों को सम्बोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि हमारा देश युवाओं का देश है। दुनिया में आज सबसे ज्यादा युवा अगर किसी देश में हैं तो वह भारत में है। पठानिया ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन जहाँ हमे अपनी समृद्व सांस्कृतिक धरोहर को जिंदा रखने में मदद करते हैं वहीं हम एकता का परिचय भी देते हैं तथा आपसी तालमेल से अपने अधिकारों की बात भी रख सकते हैं तथा अलग से अपनी पहचान भी बनाते हैं।
पठानिया ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में जिला काँगड़ा तथा जिला चम्बा का अपना विशेष महत्व है। यह दोनों जिला अपनी समृद्व संस्कृति तथा पर्यटन की दृष्टि से पूरे देश मे प्रसिद्व हैं। चम्बा का रूमाल, चम्बा का मिंजर मेला अब भी अन्तर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त किए हुए है। पठानिया ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के निर्माण, गठन तथा पूर्ण राज्य बनने में जिला कॉगड़ा तथा जिला चम्बा का बड़ा अहम रोल रहा है। पठानिया ने सभी छात्रों तथा आयोजकों को कार्यक्रम के सफल आयोजन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
