Spread the love
शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने मंगलवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रियंका गांधी को मण्डी संसदीय क्षेत्र में हुई भारी बारिश व भूस्खलन से हुई तबाही की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में एक ओर जहां सड़कों को भारी नुकसान पहुंचा है, वहीं लोगों के घर, किसानों व बागवानों की फसलें भी पूरी तरह बर्बाद हो गई। भूस्खलन की बजह से सैंकड़ों लोग भी अकाल मौत का शिकार हुए हैं।
प्रियंका गांधी के साथ मण्डी संसदीय क्षेत्र के दौरे पर साथ गई प्रतिभा सिंह ने उन्हें आपदा से हुए नुकसान की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार अपने सीमित संसाधनों से लोगों को राहत व पुनर्वास के साथ साथ पुनर्निर्माण कार्यों को जोरों शोरों से कर रही है। मुख्यमंत्री सहित सरकार के सभी मंत्री प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर राहत कार्यों का स्वयं जायजा ले रहे हैं।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि उन्होंने केंद्र सरकार से प्रदेश में हुई इस आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग की है, पर केंद्र सरकार का इस बारे सकारात्मक रवैया नहीं है जो बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से अभी तक प्रदेश सरकार को कोई भी विशेष आर्थिक मदद नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिल कर विशेष आर्थिक मदद की मांग को दोहराएगी।
बॉक्स
संगठन के कामकाज को लेकर भी की प्रियंका गांधी से चर्चा
प्रतिभा सिंह ने इस दौरान प्रियंका गांधी को संगठन से जुड़े मसलों से भी अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में संगठन बहुत मजबूत है। इसी मजबूती से प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनी है।
प्रतिभा सिंह ने संगठन के कर्मठ कार्यकर्ताओं को सरकार में अहम जिम्मेदारियां देने की वकालत करते हुए कहा कि इनको जल्द जिम्मेदारियां मिलनी चाहिए, जिससे आगामी लोकसभा चुनावों में संगठन पूरी मजबूती के साथ चुनावों में उतर सके। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के मनोबल को बनाए रखने के लिए सरकार में उन्हें समय पर पूरा मान-सम्मान दिया जाना चाहिए।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *