कुल्लू। सीपीएस व अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव समिति के अध्यक्ष सुन्दर सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को जिला स्तरीय कमेटी की बैठक अयोजित की गई। उन्होंने कहा कि इस वर्ष का कुल्लू का दशहरा 24 अक्टूबर से पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इसे पूरी तरह से अंतरराष्ट्रीय स्तर के उत्सव के रुप में मनाया जाएगा। सांस्कृतिक दलों ने सैद्धान्तिक रूप से भाग लेने की मंजूरी दी है। उन्होंने कहा कि इसमें रूस, कजाकिस्तान, इज़राइल, सोमनिया, फिजी, कुवैत, क्यूबा, साऊथ सूडान, घाना, इथोपिया, जाम्बिया पनामा, तजाकिस्तान, ताईवान, मलेशिया आदि देशों के अतिरिक्त भारतीय सांस्कृतिक परिषद, प्रदेश के विभिन्न जिलों के सांस्कृतिक दल अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
सुंदर ठाकुर ने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए कलाकेंद्र के अतिरिक्त एक मंच प्रदर्शनी मैदान में भी लगाया जाएगा जहां पर दिन में 2:30 बजे से 5 पांच बजे तक कलाकर अपनी प्रस्तुतियां देंगे। उत्सव में आने वाले देवी देवताओं तथा देवलुओं के लिए भी बेहतर व्यवस्था की जायेगी। उन्होंने कहा कि दशहरे में बाहर से आने वाले व्यापारियों की पूर्व जांच के पश्चात पहचान पत्र जारी किए जाएंगे। मेले के दौरान यहां भिखारियों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा तथा साफ़ सफाई का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा, जिसकी जिम्मेवारी नगर परिषद निभायेगी। इसमें ग्रामीण खेल उत्सव का भी आयोजन किया जाएगा जिसमें विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके आयोजन की जिम्मेवारी ज़िला परिषद तथा खेल विभाग पर रहेगी।
सुंदर ठाकुर ने कहा कि मेले के दूसरे दिन एक भव्य सांस्कृतिक परेड का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें अंतर्राष्ट्रीय सांस्कृतिक दलों के अलावा प्रदेश तथा ज़िले के प्रमुख सांस्कृतिक दल भाग लेंगे। मेले मे आने वाले लोगों की सुविधा के लिए पिरड़ी से हर दस मिनट के अन्तराल पर शटल बस सेवा आरम्भ की जायेगी। पिरड़ी तथा सरवरी में निजी वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की जायेगी। उन्होंने कानून – व्यवस्था, पेयजल, साफ़ सफ़ाई, बिजली, आदि से संबंधित व्यवस्था के लिए भी निर्देश दिए।
बैठक की कार्यवाही का संचालन उपायुक्त आशुतोष गर्ग ने किया। बैठक में पुलिस अधीक्षक साक्षी वर्मा, ज़िला परिषद अध्यक्ष पंकज परमार, रघुनाथ प्रतिनिधि दानवेंद्र सिंह, कारदार संघ के अध्यक्ष लोत राम, अतिरिक्त ज़िला दंडाधिकारी अश्वनी कुमार, सहायक आयुक्त शशि पाल नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।