शिमला। सीएटीसी 138 (CATC 138) एनसीसी शिविर से लौटे विद्यार्थियों का विद्यालय पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। एनसीसी का यह शिविर 15 से 24 जुलाई तक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला करसोग में आयोजित किया गया था। इसमें वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ढली के 25 कैडेट्स ने सैकेंड ऑफिसर पूनम ठाकुर की अगुवाई में भाग लिया।
शिविर में जिला मंडी एवं शिमला के सरकारी एवं गैर सरकारी विद्यालयों तथा महाविद्यालयों के कैडेट्स ने भाग लिया। शिविर में विद्यालय के कैडेट्स द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम में कुमारी गुनगुन ने एकल नृत्य में तृतीय स्थान प्राप्त किया तथा परेड कनिष्ठ वर्ग में विद्यालय के दल को प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ। प्रधानाचार्य रणजीत सिंह रोलक ने एनसीसी ऑफिसर पूनम ठाकुर को सैकेंड ऑफिसर बनने पर बधाई दी तथा शानदार प्रदर्शन के लिए सराहना करते हुए सभी विद्यार्थियों से अनुशासन में रहकर प्रेरित रहने आह्वान किया। साथ ही करगिल विजय दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों को सैनिकों के बलिदान एवं शौर्य से अवगत करवाया एवं शहीदों को विनम्र श्रद्धांजलि दी।
