Spread the love

शिमला। हिमाचल प्रदेश किसान कांग्रेस ने राज्य सरकार द्वारा किसानों व बागवानों की समस्याओं को हल करने एवं लंबे समय से उनकी लंबित मांगों को पूरा करने के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू व राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया है। राजीव भवन शिमला में मंगलवार को राज्य किसान कांग्रेस के अध्यक्ष सोहन वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक के बाद किसान कांग्रेस के प्रवक्ता रविन्द्र सिंह कंवर ने जारी बयान में कहा कि प्रदेश के किसान व बागवान बहुत लम्बे अरसे से कृषि उपकरणों व दवाइयों पर उपदान बहाल करने, सेब की बिक्री प्रति किलो के हिसाब से करने की मांग कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने इन मांगों को लागू करके किसानों व बागवानों के हित में सराहनीय फैसला लिया है।

रविन्द्र सिंह कंवर ने कहा कि एचपीएमसी का सेब खरीददारी में भागीदार बनाने का राज्य सरकार का फैसला सराहनीय है। उन्होंने कहा कि इससे जहां मार्किट में प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी, वहीं बागवानों को उनकी फसल के अच्छे दाम भी मिलेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश किसान कांग्रेस इस की लम्बे समय से मांग कर रही थी।

किसान कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि राज्य सरकार ने प्राकृतिक आपदाओं में हुई क्षति की पूर्ति के लिए राहत राशि में कई गुणा बढ़ोतरी कर प्रभावितों को हर सम्भव मदद देने का सराहनीय काम किया है, जिसके लिए किसान कांग्रेस मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करती है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा में लोगों को राहत पंहुचाने के लिए राज्य सरकार ने मनरेगा के तहत प्रभावितों को एक लाख रुपये तक की राहत राशि देने का भी सराहनीय फैसला लिया है जिससे प्रदेश के हजारों परिवार लाभांवित होंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में मुख्य सड़कों सहित सम्पर्क सड़कों को खोलने के लिए युद्व स्तर पर कार्य प्रारम्भ कर दिये हैं। रविन्द्र कंवर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश किसान कांग्रेस इन सभी फैसलों को लागू करने के लिए प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करती है। प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि हिमाचल प्रदेश किसान कांग्रेस ने राज्य सरकार के समक्ष इन सभी मुद्दों को उठाया था।

रविन्द्र कंवर ने कहा कि इस बैठक में बीएस चौहान, दिग्विजय चंद, बलवीर रचाईक, खेम राज शर्मा, दिक्षित जोगटा, ़राजेश कंवर, रणधीर वर्मा, नरेश दत्त शर्मा, पूर्ण चंद, योग राज ठाकुर, कुंदन लाल कश्यप, नरेंद्र चंदेल, प्रेम चंद शर्मा, संजीव शर्मा व खेम सिंह चंदेल उपस्थित थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *