Spread the love

धर्मशाला। प्रदेश में पिछले दिनों हुई भारी बारिश के चलते राज्य के बहुत से क्षेत्रों को भयंकर क्षति पहुंची है। ऐसे कठिन समय में न केवल प्रदेश वासियों अपितु राज्य में आए हजारों पर्यटकों को संकट से निकालने के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा किया गया कार्य अनुकरणीय है।

यहां प्रेस को जारी एक ब्यान में शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक केवल सिंह पठानिया ने यह उद्गार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि प्रदेश पर आई इस प्राकृतिक आपदा से राज्य को बाहर निकालने के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राहत कार्यों को फ्रंट से लीड कर एक मिसाल कायम की है। उन्होंने कहा कि आपदा आने के बाद से शिमला से राहत और बचाव कार्य का जायजा लेने के बजाय मुख्यमंत्री ने स्वयं ग्राउंड जीरो में उतरकर मोर्चा संभाला है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री दो दिन से स्वयं जिला कुल्लू और मंडी में रहकर जहां एक तरफ प्रभावितों का हाल जानते हुए उनका हौंसला बढ़ा रहे हैं। वहीं राहत और बचाव कार्य पर पूरी नजर रखते हुए, अधिकारी और प्रशासनिक अमले को उचित दिशा-निर्देश भी दे रहे हैं।
केवल पठानिया ने कहा कि राज्य में आए पर्यटक और अतिथियों को सही-सलामत बाहर निकालने की मुख्यमंत्री की प्रतिबद्धता के चलते दो दिनों में 60 हजार से अधिक पर्यटकों को राज्य से सुरक्षित अपने घर भेजा गया है। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री की प्रतिबद्धता के चलते कुल्लू में 48 घण्टों में आंशिक तौर पर बिजली व पानी की आपूर्ति बहाल करवाई है। उन्होंने कहा कि ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रभावित क्षेत्रों में सार्वजनिक सुविधाओं को रिस्टोर करने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य चल रहा है।
उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त मुख्समंत्री ने बाढ़ प्रभावित परिवारों को 50 लाख रुपये की राहत राशि जारी करते हुए संवेदनशीलता का परिचय दिया। वहीं राहत राशि में बढ़ौत्तरी करते हुए सभी प्रभावितों को एक-एक लाख रुपये देने की घोषण भी की।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की तत्परता के चलते प्रदेश में भारी बारिश से बाढ़ एवं भूस्खलन के बाद राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाई गई है। उन्होंने कहा कि कुल्लू में इतनी बड़ी विपदा के बावजूद प्रदेश सरकार जनजीवन सामान्य बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य कर रही है।

शाहपुर में प्रभावित क्षेत्रों का किया दौरा

इससे पूर्व पठानिया ने घेरा, खड़ीबेहि, बोनठु, केंटनाला में जाकर हुए नुकसान का जायजा लिया और जनता से मिल कर उनका हौसला बढ़ाया। केवल पठानिया ने भारी बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुई चडी, घेरा, खड़ीबेहि, करेरी सड़क का लोक निर्माण विभाग, जलशक्ति , राजस्व, वन विभाग, बिजली बोर्ड के सभी अधिकारियों के साथ मौके पर जा कर मुआयना किया। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों बारिश के चलते यह मार्ग पूरी तरह से क्षति ग्रस्त हो जाने से पूरा यातायात ठप पड़ गया था। उन्होंने कहा कि इससे करेरी कुठारना गाँव की जनता को आने जाने में बहुत दिक्कत हो रही है।
उन्होंने इस दौरान लोक निर्माण विभाग को सड़क बहाल करने के लिए निर्देश दिए, जिसपर अमल करते हुए विभाग ने तुरंत कार्यवाही करते हुए जेसीबी लगा कर सड़क को बहाल करने का कार्य शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि पूरे विधानसभा क्षेत्र में इस भारी बारिश से अब सिर्फ एक सड़क बाधित है और सभी सड़को को बहाल कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि बची एक सड़क को भी जल्द बहाल कर दिया जाएगा। इस मौके पर ब्लॉक् कांग्रेस कमेटी कोषाध्यक्ष रणदीप राणा,उप प्रधान करतार चंद, हैमराज, लोकनिर्माण विभाग एक्सईन डीडी डढवाल, जलशक्ति विभाग एक्सईन अमित डोगरा, वन विभाग आरओ सुमित शर्मा, विद्युत बोर्ड एक्सईएन अंग्रेज सिंह, गज प्रोजेक्ट एक्सईएन सुभाष शर्मा, खण्ड विकास अधिकारी कंवर सिंह, जलशक्ति विभाग एसडीओ रजाक मोहम्मद, लोकनिर्माण विभाग एसडीओ जोगिंदर सिंह, तहसीलदार राकेश कुमार आदि अन्य विभागों के अधिकारी गण मौजूद रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *