Spread the love
मंडी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने शुक्रवार को मंडी जिला के बाढ़ प्रभावित स्थानों का दौरा किया। उनके साथ इस दौरान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, केंद्र मंत्री अनुराग ठाकुर और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल उपस्थित रहे।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने इस दौरान पंचवक्त्र मंदिर का दौरा कर नुकसान का जायजा लिया। इसके उपरांत उन्होंने बाढ़ प्रभावित मंडी क्षेत्र के पंडोह का भी दौरा किया और लोगों का कुशल क्षेम जाना। उन्होंने लोगों को इस विपदा की घड़ी में केंद्र सरकार की ओर से हर संभव मदद प्रदान करने का आश्वासन भी दिया।
जगत प्रकाश नड्डा ने कहा प्रदेश में आई इस आपदा की घड़ी में पहले दिन से ही केंद्र सरकार हिमाचल सरकार और प्रशासन के संपर्क में है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार, हिमाचल की हर संभव मदद करने के लिए प्रतिबद्ध है और प्रभावितों की हर संभव मदद की जाएगी। नड्डा ने कहा कि वह अपनी ओर से तथा अपनी पार्टी की ओर से हिमाचल की जनता को और प्रदेश के मुख्यमंत्री को यह विश्वास दिलाना चाहता हैं कि केंद्र की मोदी सरकार इस आपदा की दुख की घड़ी में प्रदेशवासियों के साथ खड़ी है।

नड्डा ने कहा कि जहां तक राहत कार्य के सवाल हैं, इसके लिए एनडीआरएफ की 13 टीमें प्रदेश में भेजी गई हैं। वह राहत कार्य का काम तेजी से कर रही है। इसी तरीके से एसडीआरएफ भी अपना काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में केंद्र से एमआई 17 हेलीकॉप्टर भी रेस्क्यू के लिए भेजे गए और फंसे हुए लोगों को निकाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि आर्थिक दृष्टि से केंद्र की ओर से जो मदद की बात कही गई है, केंद्र की मदद निश्चित रूप से हिमाचल प्रदेश को मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की तरफ से वह विश्वास दिलाते हैं कि जो कुछ भी आर्थिक दृष्टि से राहत के लिए और पुनर्वास के लिए जो निश्चित होगा वह केंद्र सरकार, प्रदेश को प्रदान करेगी।
जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि इस घड़ी में हम लोग एक साथ मिलकर आपदा से निकलने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 9 जुलाई को गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री से बात की थी। 11 जुलाई को प्रधानमंत्री मोदी ने बात की है। नड्डा ने कहा कि उन्होंने खुद मुख्यमंत्री से बातचीत की है और प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्ष के नेता जयराम ठाकुर से भी बातचीत की है। उन्होंने कहा कि पार्टी के सारे लोग पूरी ताकत के साथ राहत कार्य में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री मोदी की ओर से आर्थिक दृष्टि से और व्यवस्थाओं की दृष्टि से पूरा सहयोग मिलेगा। उन्होंने कहा कि सहयोग में कभी कोई कमी नहीं रहेगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *