Spread the love
शिमला। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिन्दल ने कहा है कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता, नेता अपने घरों से निकलकर इलाके में पहुंचकर भारी बरसात से हुई त्रासदी में प्रभावित जनता के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि गत दिन मूसलाधार बारिश होती रही और उसमें भी भाजपा के विधायक व नेतागण अपने-अपने क्षेत्रों में जनता के मध्य रहे। उन्होंने कहा कि मंगलवार को हर गांव में, हर मोहल्ले में हुए नुकसान के स्थान पर भाजपा कार्यकर्ता पहुंचे हैं व राहत एवं बचाव कार्य में लग गए हैं।
डॉ. बिंदल ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भारी बारिश के बावजूद मण्डी जिला का दौरा किया तथा स्थितियों का जायजा लिया। डाॅ. बिन्दल ने कहा कि उन्होंने स्वयं जिला सिरमौर का दौरा किया एवं राहत कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि राज्य में भारी बारिश से हुए नुकसान को लेकर उन्होंने व जयराम ठाकुर ने केन्द्रीय नेतृत्व को प्रदेश की रिपोर्ट से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि परवाणू में लगभग 200 प्रवासी परिवारों का आशियाना खाली करवाया गया है और पूर्व मंत्री डाॅ. राजीव सैजल ने उन्हें सुरक्षित स्थान पर स्थापित करने में अहम भूमिका निभाते हुए समाज के लोगों को मदद के लिए आगे बढ़ाया।
डॉ. बिंदल ने कहा कि ऊना शहर में प्रवासी मजदूरों की लगभग 500 झुग्गियों में पानी भरने पर भाजपा नेता सतपाल सिंह सत्ती ने अपने कार्यकर्ताओं की टीम के साथ भाजपा के नवनिर्मित कार्यालय में इन विस्थापितों को आशियाना बनाया तथा भोजन, पानी, दवाई, की सम्पूर्ण व्यवस्था खड़ी की। उन्होंने कहा कि कुल्लू जिला सर्वाधिक प्रभावित हुआ, जहां पर सड़के, पुल टूट जाने से राहत कार्यों में परेशानी आ रही है। उन्होंने कहा कि बिजली न होने से कम्यूनिकेशन नहीं हो पा रहा है। कुल्लू जिला में भाजपा कार्यकर्ता प्रभावित लोगों के यहां पैदल जाकर सहायता कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सभी स्थानों पर अपने कार्यकर्ताओं के माध्यम से राहत कार्यों में पूरी तरह जुट गई है।
भाजपा ने जिला अनुसार किया टीम का गठन, नुकसान और राहत कार्यों का जायजा लेगी टीमें
डॉ. बिंदल ने कहा कि पार्टी ने जिला स्तर पर टीमों का गठन किया है और ये टीमें राहत कार्यों का जायजा लेगी। उन्होंने कहा कि कुल्लू जिला में गोविन्द ठाकुर, महेश्वर सिंह व सुरेन्द्र शौरी की टीम राहत कार्यों का जायजा लेगी। मण्डी जिला में राकेश जम्वाल, अनिल शर्मा, ओपी गांधी व भाजपा के सभी मण्डी जिला के विधायक इनके साथ नुकसान का जायजा लेंगे व राहत पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि जिला सोलन में हुए नुकसान का जायजा डाॅ. राजीव सैजल, परमजीत सिंह पम्मी व रतन सिंह पाल की टीम लेगी। वहीं, सिरमौर जिला में चौधरी सुखराम, रीना कश्यप, विनय गुप्ता नुकसान का जायजा लेंगे।
डॉ. बिंदल ने कहा कि चंबा जिला में हंसराज, डीएस ठाकुर, डॉ. जनकराज की टीम नुकसान का जाएजा लेगी। वहीं, सम्पूर्ण कांगड़ा जिला में हुए नुकसान व राहत कार्यों का जायजा विपिन परमार, त्रिलोक कपूर व पवन काजल लेंगे। ऊना जिला में सतपाल सिंह सत्ती, कंवर वीरेन्द्र एवं बलवीर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लेंगे। हमीरपुर व बिलासपुर जिला में त्रिलोक जम्वाल, विजय अग्निहोत्री तथा राजेन्द्र गर्ग राहत कार्यों का जायजा लेंगे। उधर, शिमला, किन्नौर एवं लाहौल स्पिति जिला में सुरेश भारद्वाज, संजय सूद, बलवीर वर्मा, सूरत नेगी तथा डाॅ. रामलाल मारकंडा राहत कार्यों का जायजा लेंगे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *