Spread the love
आनी। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में पुलिस थाना निरमंड के तहत आने वाली देवढांक-केदस सड़क पर सोमवार सुबह एक कार गहरी खाई में गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई है। इनमें से चार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल चालक ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतकों का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिए हैं। वहीं, पुलिस ने मामला दर्जकर हादसे के कारणों जांच में शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार सुबह एक मारुति कार (एचपी-35-4332) देवढांक से केदस गांव की ओर जा रही थी। कार जब ओडीधार पहुंची तो अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग घटनास्थल की ओर रवाना हुए और पुलिस को भी सूचना दी।
खराब मौसम और बारिश के बीच बचाव अभियान चलाकर कड़ी मशक्कत के बाद चार लोगों के शवों और घायल चालक को खाई से बाहर निकाला। इस हादसे में हरदयाल (65), गांव केदस तहसील निरमंड, रंजना (47) पत्नी गणेश नेगी, गांव नोगली रामपुर, वर्षा (37) पत्नी कुलदीप, गांव केदस निरमंड और नारायण शर्मा (70), गांव नावा निरमंड की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए चालक कुलदीप (40) पुत्र हरदयाल, गांव केदस निरमंड ने खनेरी अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतकों का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिए हैं।
उधर, हादसे की पुष्टि करते हुए डीएसपी आनी चंद्रशेखर कायथ ने बताया कि कार हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई है। पुलिस मामला दर्जकर हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है। उन्होंने सुरक्षा के लिहाज से बरसात के मौसम में घरों पर सुरक्षित रहने की सलाह दी है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *