Spread the love
शिमला। कांग्रेस ने भाजपा नेताओं पर आरोप लगाया है कि वह हर जगह कोविड-19 को बनाए गए नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। कांग्रेस ने इन सब नेताओं खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग प्रशासन से की है।
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष गंगू राम मुसाफिर ने ऊर्जा मंत्री सहित प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के कोरोना पोजटिव पाए जाने व इस दौरान लोगों के बीच जाने पर कड़ा एतराज जताते हुए कहा है कि इस संक्रमण को फैलाने के लिए इन नेताओं पर भी मुकदमा दर्ज होना चाहिए। उन्होंने कहा है कि कोविड-19 के चलते जिस प्रकार भाजपा के यह नेता अपनी राजनीति कर रहें है वह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है।
मुसाफिर ने प्रदेश सरकार पर आरोप लगाया है कि वह कोविड-19 से निपटने में पूरी तरह असफल साबित हुई है।उन्होंने कहा है कि आज जितने भी मामले इस संक्रमण के बढ़ रहे हैं वह सब इसकी विफलता की पूरी पोल खोलता है। उन्होंने कहा कि एक तरफ सोशल डिस्टेसिंग तोड़ने के नाम पर कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर समेत कांग्रेस विधायकों व अन्य नेताओं, कार्यकर्ताओं पर सरकार पुलिस मामले बना रही है तो दूसरी तरफ सत्ता में बैठे भाजपा नेताओं को सरकार न खुली छूट दे रखी है। उन्होंने कहा कि भाजपा के नवनियुक्त अध्यक्ष सुरेश कश्यप प्रदेश में जिस प्रकार अपने स्वागत समारोह करवाने में व्यस्त हैं उससे साफ है कि इन्हें कोई भी रोक टोक नहीं है।
मुसाफिर ने कहा कि मुख्यमंत्री खुद भी सोशल डिस्टेसिंग की धज्जियां उड़ाने में पीछे नहीं हैं। यहां आयोजित महिला मोर्चा के हवन यज्ञ में भी सोशल डिस्टेसिंग की धज्जियां उड़ाई गई।कांग्रेस की शिकायत के बावजूद न तो मुख्यमंत्री और अन्यों के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई हुई और न ही इसके आयोजकों पर ही। इससे साफ है कि कोविड-19 के नियम केवल कांग्रेस पार्टी के नेताओं और आम लोगों पर ही लागू होते हैं।
मुसाफिर ने प्रेदश सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि उन्हें प्रदेश के लोगों की कोई चिंता नहीं है। बिजली, पानी व बस किराया बढ़ोतरी से साफ है कि यह सरकार इस विपदा के समय मे कोई राहत देने की जगह अपनी तिजोरी भरने में लगी है। महंगाई से लोग त्रस्त है। बेरोजगारी से युवा परेशान है।सरकार प्रदेश में कोई भी ऐसी योजना नहीं ला पाई, जिससे आम लोगों के साथ-साथ कारोबारियों को कोई राहत मिलती।उन्होंने जयराम सरकार को हर मोर्चे पर असफल करार देते हुए कहा कि यह सरकार आम व गरीब लोगों की नहीं है, इसे तो केवल पूंजीपतियों की ही चिन्ता है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *