शिमला। आईजीएमसी व दंत चिकित्सालय कर्मचारी संघ के प्रधान हरिद्र सिंह मैहता, महामंत्री हनिश ठाकुर ने वीरवार को राज्य सचिवालय में मुख्य संसदीय सचिव (स्वास्थ्य) संजय अवस्थी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने आईजीएमसी व दंत महाविद्यालय की समस्याओं को उनके समक्ष रखा। उन्होंने पैरामेडिकल स्टाफ की बंद पड़ी वेकेशन को बहाल करने बारे चर्चा की। उन्होंने कहा कि सीपीएस संजय अवस्थी ने इस मामले में अपना पूरा समर्थन देने की बात कही।
मैहता ने कहा कि उन्होंने स्वास्थ्य सचिव एम. सुधा देवी से भी मुलाकात की। इस दौरान संघ ने विंटर व समर वेकेशन और रोगी कल्याण समिति के अन्तर्गत आ रहे कर्मचारियों को 8 वर्ष की सेवाएं पूर्ण होने के उपरांत रेगुलर पे स्केल देने के मामले को उठाया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सचिव ने उनकी मांगों को बड़ी गंभीरता से सुना व जल्द ही स्वास्थ्य मंत्री, स्वास्थ्य सचिव व आईजीएमसी कर्मचारी संघ के साथ मीटिंग करने का आश्वासन दिया। साथ ही कहा कि वेकेशन को लेकर आईजीएमसी प्रिंसिपल डॉ. सीता ठाकुर को पत्राचार करेंगे व इस विषय में उनसे रिपोर्ट मांगी जाएगी। उन्होंने इस सौहर्दपूर्ण बैठक के लिए आईजीएमसी व दंत कर्मचारी संघ की ओर से स्वास्थ्य सचिव का धन्यवाद किया।
