Spread the love
शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह ने पार्टी के जिला अध्यक्षों से आगामी लोकसभा चुनावों के लिए अभी से कमर कसने को कहा है। उन्होंने कहा है कि प्रदेश में विधानसभा चुनावों की तरह लोकसभा की चारों सीटों पर कांग्रेस को अपनी जीत का परचम लहराना है और अपनी जीत का क्रम जारी रखना है। वे रविवार को यहां प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में पार्टी के जिला अध्यक्षों की एक बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रतिभा सिंह ने कहा कि कांग्रेस के लिए आगामी लोकसभा चुनाव बहुत ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रदेश विधानसभा चुनावों का एक बड़ा संदेश देशभर में गया है। पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा है। यही वजह है कि कांग्रेस ने कर्नाटक में शानदार जीत हासिल की। उन्होंने कहा कि कई राज्यों में इस साल के अंत व अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में भी कांग्रेस अपनी जीत का परचम लहराती हुई केंद्र में मजबूती से अपनी सरकार बनाएगी।
प्रतिभा सिंह ने संगठन की मजबूती के लिए जिला व ब्लॉक अध्यक्षों की सराहना करते हुए कहा कि उन सभी की एकता से आज प्रदेश में कांग्रेस की मजबूत सरकार बनी है। उन्होंने इसके लिये प्रदेश के लोगों व पार्टी के कार्यकर्ताओं का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बूथ कमेटियों को फिर से सक्रिय करने के साथ-साथ जहां भी इसके पुनर्गठन की आवश्यकता हो, जल्द कर दी जानी चाहिए।
प्रतिभा सिंह ने केंद्रीय आलाकमान राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी व महासचिव प्रियंका गांधी, प्रदेश मामलों के प्रभारी राजीव शुक्ला का भी आभार व्यक्त किया और कहा कि इनके कुशल मार्गदर्शन में कांग्रेस मजबूती से आगे बढ़ रही है।
प्रदेश में संगठन बहुत ही मजबूत – बिट्टू
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव प्रदेश मामलों के सह प्रभारी तजेंद्र पाल सिंह बिट्टू ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में बैठक में केंद्रीय आलाकमान के दिशा निर्देशों की जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश में संगठन बहुत ही मजबूत है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में चार उप चुनावों के बाद विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की शानदार जीत से पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल व लोगों का कांग्रेस पर विश्वास बढ़ा है। इससे साफ है कि लोग अब भाजपा को सत्ता से बाहर करने का पूरा मन बना चुके हैं। उन्होंने कहा कि देश में बढ़ती बेरोजगारी, मंहगाई से लोग त्रस्त हैं। उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था पर नोटबंदी कर बार-बार चोट पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।
बिट्टू ने सभी जिला अध्यक्षों से पूर्व की भांति आगे भी मजबूत मनोबल के साथ आगे बढ़ने व सभी ब्लॉक अध्यक्षों व पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ पूरे तालमेल से कार्य करने को कहा। इससे कांग्रेस प्रदेश की चारों लोकसभा सीटों पर अपनी शानदार जीत का परचम लहराएगी‌।
बैठक का संचालन कांग्रेस महासचिव चेतराम ठाकुर ने किया। बैठक में जिला कांग्रेस अध्यक्ष अतुल शर्मा, जितेंद्र चौधरी, सेस राम आजाद, कमल ठाकुर, हरेन्द्र सेन, करण पठानिया, शिव कुमार के प्रतिनिधि डॉ. मस्त राम, आनंद परमार व कार्यकारी अध्यक्ष आसिफ मोहम्मद उपस्थित थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *