Spread the love
शिमला। शिमला जिले के चौपाल उपमंडल के तहत नेरवा के शालवी नदी में लगभग 7 करोड़ रुपए की लागत से बाढ़ सुरक्षा दीवार को तैयार किया जायेगा। यह बात सोमवार को उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने नेरवा में लोगों की जन समस्याएं सुनते हुए कही।
अग्निहोत्री ने कहा कि सुरक्षा दीवार की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार किया जा चुकी है जिसका निर्माण कार्य जल्द ही शुरू किया जायेगा। यह दीवार नदी के दोनो तरफ लगभग 3 किलोमीटर तक बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त जल शक्ति मंडल नेरवा के अंतर्गत जल जीवन मिशन के तहत 105 करोड़ रुपए की विभिन्न पेयजल परियोजनाओं का निर्माण कार्य प्रगति पर है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इन परियोजनाओं में गति प्रदान करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि नेरवा शहर में सीवरेज व्यवस्था पर 26 करोड़ रुपए खर्च किए जायेंगे तथा चौपाल में 12 लाख रुपए की लागत से सीवरेज व्यवस्था को दुरुस्त किया जायेगा।
उन्होंने बताया कि इन परियोजनाओं की तकनीकी स्वीकृति प्राप्त की जा चुकी है तथा अन्य औपचारिकताओं को जल्द पूर्ण कर कार्य आरंभ किया जायेगा।
उप मुख्यमंत्री ने जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को जल शक्ति मंडल नेरवा का होरोस्कोप तैयार करने के भी निर्देश दिए।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री से नेरवा विश्राम गृह में विभिन्न प्रतिनिधि मंडलों ने भेंट की तथा जन समस्याएं भी सुनी। उप मुख्यमंत्री ने लोगों को आश्वस्त किया कि लोगों की मांगों पर सहानुभूति पूर्वक विचार कर उन्हें पूर्ण किया जायेगा।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री, प्रदेश कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष महेश्वर चौहान, पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *