धर्मशाला। प्रसिद्व शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर में माँ ज्वाला की पवित्र ज्योतियों के दर्शनों को पंजाब किंग्स के स्पिन बॉलिंग कोच सुनील जोशी व पंजाब किंग्स टीम के चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर एल सी गुप्ता पहुंचे। मंदिर के कुल पुरोहित कपिल शर्मा ने उनसे विधिवत पूजा-अर्चना करवाई और मंदिर के प्राचीन इतिहास के बारे में भी उन्हें जानकारी दी। इस मौके पर पुजारी महासभा ज्वालामुखी के उप प्रधान पूर्व क्रिकेटर कोच प्रवीण पिनू ने उन्हें मां ज्वाला का सिरोपा समृति चिन्ह के रूप में भेंट किया।
पंजाब किंग्स टीम के बोलिंग कोच सुनील जोशी ने इस अवसर पर कहा कि मां ज्वाला की पवित्र ज्योतियों के अलौकिक दर्शन करके उन्हें मां का आशीर्वाद प्राप्त हुआ है और वह मां ज्वाला के दरबार जब-जब मां का बुलावा आएगा वह आते रहेंगे। उन्होंने कहा कि साक्षात ज्योति रूप में मां इस मंदिर में विराजमान है। देश और दुनिया के श्रद्धालु यहां दर्शनों को पहुंचते हैं। इस बार धर्मशाला में क्रिकेट मैच होने जा रहे हैं। इस भव्य आयोजन में कोई भी अवरोध न हो। पूर्व में कई बार अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैचों में मौसम खराब रहने से कई मैच रद्द भी हुए हैं। ऐसे में मां ज्वाला से प्रार्थना की है कि इस बार क्रिकेट प्रतियोगिता का सफल आयोजन मां के आशीर्वाद से हो और पंजाब किंग्स इलेवन की टीम अच्छा प्रदर्शन करें, यही मां से प्रार्थना है।
