शिमला। प्रदेश कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा है कि कांग्रेस, प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों पर अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखेगी। उन्होंने आरोप लगाया है कि जयराम सरकार विपक्ष की आवाज दबाने के लिए पुलिस का गलत इस्तेमाल कर रही है।
प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष गंगूराम मुसाफिर, ठाकुर सिंह भरमौरी, पवन काज़ल, डॉ. कैलाश पराशर, कांग्रेस महासचिव रजनीश किमटा ने एक सयुंक्त बयान में पार्टी अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर, विधायक नंद लाल, मोहन लाल ब्राक्टा व विक्रमादित्य सिंह पर कल ठियोग में आयोजित विरोध रैली पर पुलिस मामला बनाने की आलोचना करते हुए कहा कि कांग्रेस न तो इससे डरने वाली है और न ही किसी दबाव में आने वाली है। उन्होंने कहा कि न तो विपक्ष की आवाज को दबाया जा सकता है और न ही लोगों की आवाज को।इन कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर कानून पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में उनकी यह तानाशाही नहीं चलेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष समेत पार्टी नेताओं पर विरोध प्रदर्शन के खिलाफ बनाए जा रहे पुलिस मामलों से साफ है कि मुख्यमंत्री पूरी तरह बौखलाहट में है और सत्ता का दुरुपयोग कर रहे हैं। कांग्रेस ने कहा कि सरकार उनके नेताओं पर तो पुलिस मामले बना रही है, लेकिन दूसरी ओर मुख्यमंत्री सहित हवन यज्ञ में शामिल होने वाले उन भाजपा नेताओं पर कोई भी एफआईआर दर्ज नहीं हो रही है, जो सोशल डिस्टेसिंग की धज्जियां उड़ाते हुए प्रदेश में कोरोना फैलाने के दोषी भी है। उनका कहना था कि कानून सबके लिए एक है और इसे तोड़ने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होनी चाहिए।
इन कांग्रेस नेताओं ने कहा कि असल में प्रदेश सरकार लोगों के हितों की आवाज को दबाना चाह रही है। यही वजह है कि सरकार उनके अध्यक्ष कुलदीप राठौर जो जनता के बीच जाकर उनका दुःख दर्द दूर करने की कोशिश कर रहे हैं, उन पर दबाव बनाकर उन्हें किसी तरह से रोकने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ एकजुट होकर भाजपा सरकार को उनकी इस तानाशाही नीति का मुंहतोड़ जवाब दे रही है। उन्होंने कहा कि यह जन आंदोलन तब तक जारी रहेंगे, जब तक की सरकार जनविरोधी निर्णयों को वापिस नहीं ले लेती।
