Spread the love
शिमला। नगर निगम शिमला के चुनाव प्रचार के अंतिम दौर में सत्तापक्ष और विपक्ष में जुबानी हमले तेज हो गए हैं। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर द्वारा कांग्रेस पर किए गए हमलों पर रविवार को कांग्रेस ने पलटवार किया।
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने रविवार को शिमला में प्रेस कॉफ्रेंस कर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर को चुनौती दी कि जयराम ठाकुर में दम है तो शिमला नगर निगम चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम हटाकर अपने नाम से चुनाव लड़ लें। इससे जयराम ठाकुर को उनकी सियासी जमीन का पता चल जाएगा। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि स्व. वीरभद्र सिंह का चित्र लोगों के दिल में है। भाजपा को इसकी चिंता करने की जरूरत नहीं है। विक्रमादित्य सिंह ने मुख्यमंत्री और मंत्रियों में तालमेल के विपक्ष के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि सरकार पूरी तरह मजबूत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने विपक्ष में रहते हुए कभी नहीं कहा कि सरकार गिरेगी, लेकिन नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर बार-बार सरकार गिरेगी, कहकर जनादेश का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल में ऑपरेशन लोटस सफल नहीं होगा। भाजपा यह सपने देखना छोड़ दे।

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू और उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गड़करी से मुलाकात करके हिमाचल के लिए पीएमजीएसवाई और फोरलेन बनाने के लिए रिकार्ड बजट लाया, लेकिन साथ ही आरोप लगाया कि बीजेपी के विधायक धन्यवाद करने के बहाने दिल्ली जाते हैं और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर से मिलकर हिमाचल को जारी बजट पर रोक लगाने की मांग करते हैं। उन्होंने बीजेपी नेताओं को इस तरह की ओच्छी राजनीति नहीं करने की नसीहत दी है।

स्मार्ट सिटी में भ्रष्टाचार की होगी जांच – विक्रमादित्य सिंह
लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि शिमला नगर निगम पर कांग्रेस के जीतते ही स्मार्ट सिटी में हुए भ्रष्टाचार और पैसे के दुरूपयोग की जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा शासित नगर निगम ने स्मार्ट सिटी में कथित भ्रष्टाचार हुआ है। स्मार्ट सिटी में सभी काम पूर्व मंत्री की अगुवाई में हुए हैं, उनकी जांच की जाएगी। उन्होंने भाजपा पर शिमला को कंकरीट का जंगल बनाने के आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि शिमला नगर निगम पर कांग्रेस दो तिहाई बहुमत से जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि जिस तरह कांग्रेस सरकार विधानसभा चुनाव में दी गई गारंटियां पूरा कर रही है, ठीक उसी तरह एमसी चुनाव में किए गए वादे भी निभाए जाएंगे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *