शिमला। भाजपा नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने वीरवार को शिमला में कई स्थानों पर प्रचार किया। इस दौरान इंजन घर वार्ड में प्राचार के दौरान उन्होंने कहा अगर इन नगर निगम चुनावों में कोई प्रचार कर रहा है तो असल में भाजपा कर रही है। उनके कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर संपर्क किया है और छोटी बड़ी बैठकों के माध्यम से जनता तक अपना विचार पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि केवल मात्र ध्यान भटकाकर कांग्रेस के नेता जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं, पर जनता इस बार भ्रमित नहीं होंगी। कांग्रेस पार्टी का असली चेहरा सत्ता में बैठते ही सामने आ गया है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि इस बार नगर निगम शिमला में भाजपा को जनता का भरपूर साथ प्राप्त होने जा रहा है। जनता के आशीर्वाद से हमें पूर्ण विश्वास है कि एक बार फिर नगर निगम शिमला में भाजपा अपना परचम लहराएगी। उन्होंने कहा भाजपा नगर निगम में आते ही खतरनाक पेड़ों को समयबद्ध ढंग से हटाने का अधिकार नगर निगम में लाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने बिजली के मीटरों को बिना एनओसी के मीटर लगाने का निणर्य लेकर लाखों लोगों को सुविधा दी है। उसी आधार पर पानी के मीटरों के लिए भी एनओसी नहीं होगा। दुकानों के लाइसेंस की फीस की विशमताओं को समाप्त करेंगे एवं एक दुकान एक यूनिट की व्यवस्था लागू होगी और एक ही लाइसेंस होगा।
जयराम ठाकुर ने कहा कि नशामुक्ति के खिलाफ जन आन्दोलन चलायेंगे तथा शिमला की जनता को जागरूक भी करेंगे। उन्होंने कहा कि हर वार्ड के हर मोहल्ले में ‘ओपन जिम’ बनायेंगे, जिससे समाज के हर वर्ग को स्वस्थ व सुदृढ़ बनाएंगे। उन्होंने कहा कि सारे नगर निगम क्षेत्र को सीसीटीवी कैमरे के अन्तगर्त लायेंगे, जिससे अपराधों पर नजर रखी जायेगी व अपराधियों को पकड़ कर कानून के शिकंजे में लायेंगे। उन्होंने कहा कि आवारा कुत्तों व बंदरों के बढ़ते मामलों व इनके आक्रमक होने से जनता को आ रही परेशानी को दूर करने के लिये एक टास्क फोर्स बनायेंगे जो वतर्मान व्यवस्था में परिवतर्न कर ठोस उपाय करेंगे। एनजीओ व अन्य सामाजिक संस्थाओं को शामिल करेंगे। उन्होंने कहा चुनाव बड़ा हो या छोटा भाजपा उसको धरातल पर लड़ती है ना कि कांग्रेस की तरह हवा हवाई तरीके से।
