शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में अफ्रीका के बाद विश्व का दूसरा सबसे लंबा रोपवे बनेगा। यह रोप वे ऑस्ट्रिया व स्विटजरलैंड की तर्ज पर बनेगा। इसकी लंबाई 14.69 किलोमीटर होगी। शिमला अर्बन रोपवे प्रोजेक्ट पर 1546.04 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इसकी डीपीआर तैयार की जा रही है। अक्टूबर में इसके लिए टैंडर निकाला जाएगा।
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि न्यू डेवलपमेंट बैंक इस रोप वे परियोजना के लिए फंडिंग करेगा। उन्होंने कहा कि बैंक के निदेशक व रोपवे निर्माण करने वाली कंपनियों के सीईओ से मुलाकात हो चुकी है। ये कंपनियां शिमला में रोपवे निर्माण को तैयार है। उन्होंने कहा कि रोपवे में 15 स्टेशन बनेंगे। ये स्टेशन तारादेवी, जाखू, सचिवालय, ढली, सहित पुराने बस अड्डे में बनेंगे। उन्होंने कहा कि इस रोपवे प्रोजेक्ट को लेकर हाल ही में वह ऑस्ट्रिया गए थे। वहां पर रोपवे निर्माण करने वाली चार कंपनियों के सीईओ से मुलाकात की है। उन्होंने कहा कि यह प्रोजेक्ट हिमाचल का अभी तक का क्रांतिकारी प्रोजेक्ट होगा। 80:20 के फंडिंग पैटर्न पर प्रोजेक्ट का निर्माण होगा। यानि परियोजना की 20 फीसदी राशि राज्य सरकार खर्च करेगी, जबकि 80 फीसदी केंद्र फंडिंग करेगा।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि ऑस्ट्रिया दौरे के दौरान केंद्रिय मंत्री नीतिन गडकरी से भी मुलाकात हुई। इस प्रोजेक्ट पर विस्तृत चर्चा की गई है। उन्होंने कहा कि शहर में जिस हिसाब से ट्रैफिक बढ़ रहा है उसके लिए नए विजन के तहत कार्य करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि हिमाचल की भौगोलिक और जलवायु परिस्थितियां यूरोप के एल्पाइन क्षेत्र के समान है। इसलिए इन तकनीकों को अपनाने की क्षमता का गहन अध्ययन किया जा रहा है। प्रेसवार्ता के दौरान प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, कौल सिंह ठाकुर, आशा कुमारी, रामलाल ठाकुर, कुलदीप कुमार सहित अन्य नेता भी मौजूद थे।
मई में शिमला में दौड़ेगी 20 ई-बसें, ढली डिपो होगा पूरी तरह से इलेक्ट्रिकल
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि शिमला के ढली का लोकल डिपो पूरी तरह से इलेक्ट्रिकल डिपो बनाया जाएगा। यहां पर हर बसें व अन्य वाहन इलेक्ट्रिकल ही दौड़ेंगे। ढली में 17 करोड़ रुपए से बस अड्डे का काम चला हुआ है। उन्होंने कहा कि नगर निगम को लेकर लगी आचार संहिता हटते ही 20 नई इलेक्ट्रिक बसें शिमला को मिलेगी, जबकि 50 ई बसें दिवाली पर शिमला शहर के लिए लाई जाएगी। तारादेवी व टूटीकंडी में इलेक्ट्रिक बस चार्जिंग स्टेशन बनाए जा रहे हैं। अग्निहोत्री ने कहा कि एचआरटीसी शिमला नगर निगम के सभी 34 वार्डों से टैक्सी सेवा शुरू करेगा। शहर के कई वार्डों में यह सेवा पहले से चल रही है। इसे और मजबूत कर गाड़ियों की संख्या बढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा कि जल्द ही शिमला जयपुर शिमला वॉल्वो बस सेवा भी शुरू होगी।
