शिमला।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राज्य में अब तक कोरोना के सात मामले पाए जाने पर चिंता व्यक्त जताई है। कांग्रेस ने इस रोग की रोकथाम के लिए लोगों से अपना पूरा सहयोग देने का आग्रह किया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि अगर उनके आस-पास कोरोना से सम्बंधित कोई भी संदिग्ध हो तो इसकी पूरी सूचना उन्हें अपने निकट प्रशासन को देनी चाहिए, जिससे इस गंभीर खतरे से निपटा जा सके।
राठौर ने कहा कि दिल्ली में तब्लीगी जमात में हिस्सा लेने वाले सभी लोगों को बगैर किसी झिझक के सामने आना चाहिए और अपने स्वास्थ्य की पूरी जांच करवानी चाहिए। उन्होंने कहा कि देश के सामने आज एक गंभीर चुनौती खड़ी हो गई है, जिससे निपटने के लिए सभी को एकजुट होकर आगे आना है। उन्होंने कहा इससे पहले कि कोरोना प्रदेश में एक गम्भीर चुनौती बन जाए, हमें सभी को सुरक्षा के लिहाज से सजग होना है।
राठौर ने प्रशासन से कहा कि जो लोग इस महामारी को लेकर नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं उन लोगों के खिलाफ उन्हें कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से कर्फ़्यू के कारण फंसे उन लोगों की भी पूरी सुध लेने को कहा, जो लोग अपने घरों से दूर मजबूरी में अनेक क्षेत्रों में पिछले कई दिनों से रुके पड़े हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस व कई सामाजिक संगठन लोक सेवा में जुटे हैं, लेकिन सरकार की पूरी मदद इन लोगों तक नहीं पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि सरकारी मदद बगैर किसी भेदभाव के उन सभी लोगों को मिलनी चाहिए, जो कोरोना की बजह से असहाय व प्रभावित हो गए हैं।
कुलदीप राठौर ने सरकार से कहा कि प्रदेश में अधिकतर लोग बागवानी, खेतीबाड़ी करते हैं, जबकि एक बड़ी जमात बेरोजगारों की है जो छोटा-मोटा करोबार कर अपना जीवन यापन करते हैं। उनकी मांग है कि इन सभी के लिए कोई ऐसा आर्थिक पैकेज दिया जाना चाहिए, जिससे इन लोगों को कोई राहत मिल सके।
