शिमला। शिमला नगर निगम चुनाव के लिए कांग्रेस ने मंगलवार को अपना घोषणा पत्र जारी किया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अन्य नेताओं के साथ इसे जारी किया। इस घोषणा पत्र में शहर में लोगों को यूवी (अल्ट्रा वायलेट) तकनीक से शुद्ध पानी देने का वादा करने के साथ ही शहर में बिना एओसी के मकानों को पानी के कनकेशन देने कई वादे किए गए हैं।
कांग्रेस ने अपने चुनाव घोषणा पत्र में कहा कि शिमला शहर में पानी की गुणवत्ता बनाने के लिए विश्वस्तरीय यूवी के आधार पर हर वार्ड को साफ पानी उपलब्ध करवाया जाएगा। इसके अलावा अभी तक मकानों के लिए पानी के कनेक्शन लेने के लिए एनओसी लेने के नियम को रद्द कर बिना एनओसी के कनेक्शन देने की व्यवस्था की जाएगी। सभी वार्डों में पार्क, सामुदायिक केंद्र, रिहायशी पार्किंग की सुविधा मिलेगी। नशा मुक्ति की ओर कदम उठाते हुए शिमला शहर में एक नशा मुक्ति केंद्र स्थापित किया जाएगा।
चुनाव घोषणी पत्र में वादा किया गया है कि प्रत्येक वार्ड में एंबुलेंस मार्ग बनाया जाएगा और हर वार्ड से शहर के अस्पतालों और अन्य चिन्हित जगहों के लिए परिवहन निगम की टैक्सियां शुरू की जाएंगी। शहर में ई-रिक्शा व ई बसें चलाई जाएंगी। शहर में रात्रि बस सेवाएं बढ़ाई जाएंगी। इसमें कहा गया है कि बुजुर्गों को घर द्वार पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए हेल्थ केयर वैन सुविधा, भूमि की उपलब्धता होने पर शहर में ओल्ड एज होम और वेलनेस सेंटर खोले जाएंगे। युवाओं व बच्चों के लिए खेल गतिविधियां बढ़ाने के लिए इंडोर स्टेडियम व जिम खोले जाएंगे। शहरी गरीबों को खाली भूमि पर मकान बनाए जाएंगे।
उधर, शहर में बढ़ती भीड़ से छुटकारा पाने के लिए शहर के भीतर से अनाज मंडी, सब्जी मंडी, ट्रांसपोर्ट क्षेत्र, लकड़ी के डिपुओं को शहर के समीप कहीं शिफ्ट किया जाएगा। शहर के सभी पुरानी डिस्पेंसरियों में टेस्टिंग लैब खोली जाएंगी। महिलाओं के कौशल विकास सशक्तिकरण केंद्र खोले जाएंगे। कामकाजी महिलाओं के लिए हास्टल बनाए जाएंगे।
शहर में बिजली की लटकती तारों से छुटकारा दिलाने के लिए इनको अंडर ग्राउंड किया जाएगा। पहले चरण में छोटा शिमला से चौड़ा मैदान तक की तारों के लिए डक्ट बनाई जाएगी। कांग्रेस ने शहर में पर्यटन विकास के लिए कदम उठाने भी बात कही है। इसके तहत होम स्टे योजना को बढावा देने के साथ ही पर्यटकों को बेहतर सुविधा दी जाएंगी। वहीं, सीटीओ से बालूगंज व जाखू मंदिर के चारों ओर बने मार्गों, रिटज से छोटा शिमला व संजौली चौक तक साइकल ट्रैक बनाया जाएगा। सैलानियों के लिए 24 घंटे मुख्य स्थालों पर ढाबे खुले रखे जाएंगे और रेस्टोरेंट का रात्रि का समय भी बढ़ाया जाएगा। वहीं, शहर के व्यापारियों को अपना कारोबार शुरू करने के लिए 50 हजार के लोन पर 50 फीसदी सब्सिडी दी जाएगी।
कांग्रेस ने कहा है कि शिमला में शिक्षा को मजबूर किया जाएगा। शहर के चार स्कूलों, लालपानी, पोटमोर, लक्कड़ बाजार, संजौली में नर्सरी कक्षाओं के साथ इंगलिश मीडियम शुरू किया जाएगा। शहर में जगह उपलब्ध होने पर रीडिंग रूम, लाइब्रेरी खोली जाएंगी, बुक कैफे खोलने पर भी प्राथमिकता दी जाएगी।
सरकार के अभी साढ़े चार साल, शहरवासियों से किए सभी वादे पूरी करेगी सरकार – सुक्खू
इस मौके पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने घोषणा पत्र जारी करते हुए कहा कि शहर में लोगों यूवी तकनीक से पानी उपलब्ध करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर के छोटा शिमला और मालरोड क्षेत्र में इसका प्रयोग शुरू किया गया है। इसके बाद अन्य क्षेत्रों में इससे शुद्ध पानी दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार शहर की सड़कों को चौड़ा करने के साथ ही यहां डिकंजशन को खत्म करने के लिए कदम उठाएगी। उन्होंने कहा कि बीजेपी के वादों पर कहा कि इसकी डबल इंजन की सरकार थी और कारपोरेशन भी उनका था, तब 40 हजार लीटर मुफ्त पानी नहीं दिया। अब जबकि दोनों जगह भाजपा सत्ता से बाहर है तो लोगों को गुमराह करने के लिए इस तरह के वादे कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने प्रदेश में पांच सालों में हिमाचल के लोगों को ठगा और अब नगर निगम में ठगने का काम कर रही है जो कि सफल नहीं होगा। उन्होंने कहा कि सरकार शिमला शहर के लोगों से किए गए वादों को पूरा करेगी। अभी साढ़े चार साल सता में है. इन वादों को पूरा किया जाएगा।
