Spread the love

चंबा। हिमाचल प्रदेश को स्वास्थ्य की दृष्टि से अग्रणी राज्य बनाने को लेकर एक नई स्वास्थ्य नीति तैयार की जाएगी। प्रदेश को स्वास्थ्य के लिहाज से आदर्श राज्य के तौर पर स्थापित किया जाएगा। स्वास्थ्य के क्षेत्र में ढांचागत सुविधाओं को और बढ़ाने के लिए इसे स्वास्थ्य नीति का हिस्सा बनाया जाएगा। यह बात स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, श्रम एवं रोजगार मंत्री कर्नल डॉ. धनी राम शांडिल ने सोमवार को पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय के सहयोग से बट्ट औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित रक्तदान शिविर का शुभारम्भ करने के पश्चात आयोजित कार्यक्रम में कही।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक कल्याण, रोजगार सृजन और पर्यटन विकास में विशेष प्राथमिकता की बात करते हुए कर्नल डॉ. धनी राम शांडिल ने कहा कि प्रदेश सरकार समस्त वर्गों का कल्याण सुनिश्चित बनाएगी। आकांक्षी जिला चंबा में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने का आश्वासन देते हुए उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती को लेकर व्यवस्था अलग से तैयार की जाएगी । उन्होंने कहा की प्रदेश में नर्सिंग सेवाओं में पुरुष वर्ग के लिए प्रशिक्षण व्यवस्था शुरू करने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
पूर्व मंत्री आशा कुमारी ने इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री का स्वागत करते हुए विधानसभा क्षेत्र डलहौजी के तहत आवश्यक स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती का आग्रह किया। उन्होंने चक्की-भरमौर राष्ट्रीय उच्च मार्ग के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाथरी में विशेष विशेषज्ञ चिकित्सा अधिकारियों सहित डेंटिस्ट के पद को जल्द भरने का आग्रह किया।
इससे पहले, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के अध्यक्ष परवेज अली बट ने डॉक्टर कर्नल धनीराम शांडिल का स्वागत करते हुए संस्थान में आयोजित होती जा रही विभिन्न गतिविधियों का ब्यौरा भी रखा। रक्तदान शिविर में 30 युवाओं ने स्वेच्छा से रक्तदान किया।
स्वास्थ्य मंत्री ने रक्तदान करने वाले युवाओं को प्रशस्ति पत्र भी भेंट किए। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया।
इससे पहले कर्नल डॉ. धनी राम शांडिल ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाथरी का दौरा कर स्वास्थ्य सुविधाओं को जांचा।
इस अवसर पर विधायक चंबा विधानसभा नीरज नैय्यर, उनकी धर्मपत्नी भारती नैय्यर, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कमल ठाकुर, जिला परिषद सदस्य बानिका, प्रबंध निदेशक बट आईटीआई दिलदार अली बट, एसडीएम अनिल भारद्वाज, डीएसपी हेमंत ठाकुर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी कपिल शर्मा, उप निदेशक उच्च शिक्षा प्यार सिंह चाडक, जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान, जिला श्रम अधिकारी अनुराग शर्मा, श्रम एवं कल्याण अधिकारी श्वेता, प्रधानाचार्य औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान लचैडी राहुल राठौर, अधिशासी अभियंता लोनिवि हर्ष पुरी, जल शक्ति राकेश ठाकुर विद्युत राजीव महाजन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

स्वास्थ्य मंत्री ने प्रसिद्ध लक्ष्मी नारायण मंदिर में की पूजा-अर्चना
इससे पूर्व स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, श्रम एवं रोजगार मंत्री कर्नल डॉ. धनी राम शांडिल ने चंबा के प्रसिद्ध लक्ष्मी नारायण मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुखद भविष्य की कामना की। इस दौरान पूर्व वन मंत्री ठाकर सिंह भरमौरी, पूर्व विधायक सुरिन्दर भारद्वाज विशेष रूप से उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *