Spread the love

रिकांगपिओ। राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने रविवार को किन्नौर जिला के कल्पा ग्राम पंचायत परिसर में आम जनता को संबोधित करते हुए कहा कि समस्त किन्नौर जिला सहित कल्पा विकास खंड का समग्र विकास सुनिश्चित किया जाएगा।

राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि कल्पा-कंडा रोड़ का कार्य इस वर्ष पूर्ण कर लिया जाएगा जिसके लिए लोक निर्माण विभाग किन्नौर के अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के लिए आदेश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि इस मार्ग के पूर्ण होने पर, क्षेत्र की लगभग 90 प्रतिशत आबादी लाभान्वित होगी। उन्होंने कहा कि आम जनमानस के मानसिक स्वास्थ्य के दृष्टिगत कल्पा-कंडा में ध्यान-केंद्र विकसित किया जा रहा है जहां लोग अपने मानसिक व अन्य तनावों को ध्यान क्रिया से दूर कर सकतें हैं।
जगत सिंह नेगी ने कहा कि कल्पा विकास खंड में चल रहे सीवरेज प्रणाली के कार्य में शीघ्रता लाने के लिए संबंधित विभाग को कार्य शीघ्र पूर्ण करने के आदेश दिए जा चुके हैं। इसके अतिरिक्त कल्पा सार्वजनिक सुविधा को भी सुचारू किया जाएगा।
बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि जिला में बागवानी को आधुनिक तकनीकों से सुदृढ़ किया जाएगा जिसके लिए जिला के बागवानों को उनके फलों की अच्छी पैदावार तैयार करने के लिए गुणवत्तापूर्ण दवाइयां बागवानी विभाग द्वारा उपदान दरों पर उपलब्ध करवाई जाएगी।
जगत सिंह नेगी ने कहा की वर्तमान में जिला में सरकारी विद्यालय पर्याप्त संख्या में है परंतु विद्यार्थियों को गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए शिक्षा प्रणाली को और सुदृढ़ किया जाएगा तथा विद्यालयों में आवश्यक अध्यापकों के खाली पड़े रिक्त पदों को भी शीघ्र भरा जाएगा। उन्होंने कहा की जिला के अधिकारियों व कर्मचारियों को वन अधिकार अधिनियम-2006 की संपूर्ण ट्रेनिंग प्रदान की जाएगी ताकि जिला के हर एक पात्र लाभार्थी को इस अधिनियम के तहत भू-पट्टे प्रदान किए जा सकें। इसके अलावा स्थानीय क्षेत्र विकास प्राधिकरण के तहत बचे हुए विकास कार्यों में भी तेजी लाई जाएगी।
राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री ने इस अवसर पर कल्पा-मंदिर के बचा हुआ कार्य पूर्ण करने के लिए 30 लाख रुपए प्रदान करने की घोषणा की।

“11 परियोजना प्रभावित परिवारों को वितरित किए परियोजना प्रभावित परिवार कार्ड”

राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री ने आज किन्नौर जिला के कल्पा पंचायत परिसर में हिमाचल प्रदेश पॉवर कॉरपोरेशन लिमिटेड के शोंगटोंग-करछम पॉवर प्रोजेक्ट से प्रभावित कल्पा गांव के देव कुमार, छेरिंग राम, अशोक कुमार, सतपाल सिंह, ईश्वर चंद, रमेश चंद, केसर चंद, चंदर प्रकाश, राज कुमार, शमशेर सिंह व राज कुमार के परिवारों को परियोजना प्रभावित परिवार कार्ड प्रदान किए।
इस अवसर पर राजकीय माध्यमिक पाठशाला कल्पा गांव के बालिका आश्रम की छात्राओं द्वारा रंगा-रंग सांस्कृतिक प्रस्तुति प्रस्तुत की गई।
कल्पा ग्राम पंचायत कांग्रेस समिति के सचिव आनंद व ग्राम पंचायत कल्पा के प्रतिनिधियों द्वारा राजस्व, बागवानी एवम जनजातीय विकास मंत्री का पारंपरिक ढंग से भव्य स्वागत किया गया।
इस अवसर पर ग्रीन वैली स्पोर्ट्स क्लब कल्पा, लक्कू राम महिला मंडल तथा कल्पा ग्राम कांग्रेस समिति द्वारा मुख्य अतिथि जगत सिंह नेगी को टोपी व अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
इसके उपरांत राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी का पूह विकास खंड की खारो ग्राम पंचायत में पूह कांग्रेस समिति द्वारा भव्य स्वागत किया गया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *