कुल्लू। कुल्लू जिले के निरमंड ब्लाक में बागीपुल-नोर सड़क मार्ग पर देररात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। वहां देर रात एक डंपर एचपी 35 ए 3567 बागीनाला में सत्संग भवन के पास दुर्घटनाग्रस्त हुआ है। डंपर सड़क से करीब 200 मीटर गहरी खाई कुर्पण खड्ड में जा गिरा। इसमें सवार तीन व्यक्तियों की मौके पर मौत हो गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक दुर्घटना देर रात हुई है, जिसका स्थानीय लोगों कु सुबह पता चला। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस सुबह घटनास्थल पर पहुंची। जानकारी के मुताबिक डंपर बजरी लेकर नोर की तरफ जा रहा था। इस बीच सत्संग भवन के पास डंपर अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा, जिसमें सवार तीन व्यक्तियों की मौके पर मौत हो गई है। एक व्यक्ति के शव को खड्ड बहाकर करीब 200 मीटर दूर पुल तक ले गई, जबकि दो अन्य व्यक्तियों के शव डंपर के पास ही बरामद हुए हैं।
पुलिस ने दुर्घटना में मृत व्यक्तियों के शवों की पहचान कर दी है। इसमें मोईन गांव के रंजी ठाकुर और अंकित कुमार और गुड्डू निवासी झलेड़ के रूप में हुई है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
