कुल्लू। दुनिया की सबसे ऊंची स्नो मैराथन का दूसरा एडिशन 12 मार्च को लाहुल के सिस्सू में आयोजित होगा। मैराथन में प्रदेश व देश के साथ विदेश से भी प्रतिभागी शामिल होंगे। प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू इस मैराथन का शुभारंभ करेंगे।
आयोजक संस्था रिच इंडिया के सीईओ राजीव कुमार ने बताया कि 2022 में पहली बार उन्होंने इस मैराथन की शुरुआत की। 2022 में 125 प्रतिभागी शामिल हुए थे। इस बार यह संख्या दोगुनी होने की उम्मीद है। यह मैराथन 42 किलोमीटर होगी। मैराथन में शामिल होने के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की फीस पांच हजार है। हिमाचल के प्रतिभागियों को इसमें 20 प्रतिशत छूट होगी। यह स्नो मैराथन दुनिया की सबसे 10 हजार फीट की ऊंचाई पर अटल टनल रोहतांग से आरम्भ हो कर कोकसर ग्राम्फु तक होगी।
इस आयोजन के एग्जीक्यूशन प्रमुख राजेश ने बताया कि स्नो मैराथन के सफल आयोजन को लाहुल स्पीति प्रशासन का सहयोग मिल रहा है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन को सिस्सू स्कीइंग एंड स्नोबोर्ड सोसाइटी की भी मदद मिल रही है। लाहुल स्पीति के उपायुक्त सुमित खिमटा ने बताया कि जिला प्रशासन स्नो मैराथन के आयोजन में हर संभव सहयोग करेगा।
