धर्मशाला। प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू बार-बार यह कह रहे हैं कि हम सत्ता के लिए नहीं, व्यवस्था परिवर्तन के लिए आए हैं, लेकिन आज प्रदेश में व्यवस्था परिवर्तन के नाम पर अव्यवस्था का माहौल बना हुआ है। मंत्रिमंडल गठन में सुक्खू सरकार क्षेत्रीय संतुलन नहीं बिठा पाई है, जिस कारण प्रदेश में कांग्रेस को 10 सीटें देने वाले जिला कांगड़ा से मात्र 1 मंत्री बनाया गया है। कांग्रेस ने सबसे बड़े जिलों कांगड़ा और मंडी की अनदेखी की है। उन्होंने कहा कि 11 दिसंबर को कांग्रेस की सरकार बनती है और 12 दिसंबर से तालाबंदी शुरू हो जाती है। संस्थानों को बंद कर दिया जाता है। यह आरोप नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मंगलवार को धर्मशाला में प्रेसवार्ता में लगाए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार को बने अभी तीन माह का समय हुआ है और तीन माह में कांग्रेस सरकार का जो ग्राफ गिरा है, यह इतिहास में पहली बार हुआ है। जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस हमे सिखाने की कोशिश न करे। उन्होंने कहा कि कांगड़ा शीतकालीन प्रवास के लिये कांग्रेस सरकार के पास समय नही है।
लोकप्रियता नहीं झूठी गारंटियों से मिली सत्ता
जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस लोकप्रियता से सत्ता में नही आई। कांग्रेस ने झूठी गारंटियों देकर सरकार बनाई है तथा सरकार बनने के बाद कांग्रेस अपनी गारंटियों से मुकर रही है। मुख्यमन्त्री सुखविंद्रर सिंह सुक्खू कुछ बोल रहे और उनके मंत्री कुछ और। उन्होंने इस बात पर जोर देते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार पांच साल चलने वाली नही, छह माह या एक साल बाद, जब भी प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी पर हम फिर से जनहित में निर्णय लेंगे। जयराम ठाकुर ने कहा कि हमने कहा था अगर कांग्रेस सरकार जनहित ने निर्णय लेंगी तो हमारा समर्थन उनके साथ रहेगा।
कर्ज पर होहल्ला करने वाले खुद ले रहे कर्ज
जयराम ठाकुर ने कहा कि ऋण को लेकर कांग्रेस हल्ला कर रही है, जैसे कांग्रेस ऋण नहीं ले रही। हमारी प्राथमिकता प्रदेश के विकास की रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में चारों ओर अव्यवस्था का माहौल बना हुआ है।
