शिमला। हिमाचल में मंगलवार को कोरोना संक्रमण के 33 नए मामले सामने आए हैं। सिरमौर जिले में 13, कांगड़ा व सोलन जिलों में 7-7, शिमला जिले में तीन, हमीरपुर जिले में दो और कुल्लू जिले में एक मामला कोरोना पाजिटिव आया है। इस प्रकार राज्य में कोरोना के कुल 1664 मामले हो गए हैं। इनमें से 1077 रोगी ठीक हुए हैं और अब राज्य में कोरोना संक्रमण के 560 एक्टिव केस हैं। सिरमौर जिले में कोरोना संक्रमण का बढ़ना जारी है। जिले में मंगलवार को 13 नए मामले सामने आए हैं। इनमें से 12 मामले अकेले जिला मुख्यालय नाहन के गोविंदगढ़ मोहल्ला से ही हैं। इनमें दो बच्चे, पांच महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं। वहीं एक मामला शिलाई क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि व्यक्ति रोनहाट में बैक कर्मी है। कुछ दिन पहले ही वह झारखंड से लौटा था। उसे होम क्वारंटीन किया गया था।
कांगड़ा जिले में बियारा अंदरेटा, जमानाबाद, जयसिंहपुर, रक्कड़ और बासा गुडियाला से सात कोरोना मामले आए हैं। इनमें नालागढ़ से लौटा सेना के एक जवान समेत दंपत्ति और उनका आठ साल का बेटा भी शामिल है। वहीं, सोलन जिले में भी कोरोना संक्रमण के सात नए मामले आए हैं। औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन में एक बार फिर से सात कामगार संक्रमित हुए हैं। मंगलवार को आई रिपोर्ट में सात कामगार एक टैक्सटाइल इकाई के पॉजिटिव आए हैं। शिमला जिले में भी तीन मामले पाजिटिव आए हैं। कुल्लू जिले के मनाली में भी कोरोना का एक मामला आया है। वहां एक युवती कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। एमबीबीएस कर रही युवती 11 जुलाई को मनाली पहुंची और अपने होम क्वारंटीन थी। उधर, बिलासपुर में सेना का एक जवान कोरोना पॉजिटिव आया है। कंदरौर क्षेत्र का देलग निवासी सैनिक छुट्टी पर घर आया था, जो होम क्वारंटीन किया गया था। इसका सेंपल जम्मू में लिया गया था। वहां से इस जवान की रिपोर्ट पॉजिटिव आने की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संक्रमित को एंबुलेंस के माध्यम से शिवा आयुर्वेद कॉलेज चांदपुर में बनाए गए कोविड केयर सेंटर में शिफ्ट कर दिया है।
