शिमला। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के भारत जोड़ो यात्रा के समापन अवसर पर पार्टी मुख्यालय शिमला में प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में लोक निर्माण एवं युवा सेवाएं व खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। कांग्रेस सेवादल की टुकड़ी ने ध्वज रक्षक जय प्रकाश ठाकुर की अगुवाई में राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। सेवादल की सलामी टुकड़ी में सुनीता ठाकुर, सुरेंद्र वर्मा, नरेश वर्मा, नरेश ठाकुर व हेम चंद शर्मा शामिल थे।
इस मौके पर विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से देश में आम लोगों में देश प्रेम व सौहार्द का एक मजबूत संदेश गया है। उन्होंने कहा कि आज जिस तरह से लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है वह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। राहुल गांधी ने 3500 किलोमीटर से अधिक की पदयात्रा कर एक इतिहास रचा है, जो हमेशा याद रखा जाएगा।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि आज राहुल गांधी के भारत जोड़ो अभियान के पहले चरण का समापन श्रीनगर में हुआ है। उन्होंने कहा कि अब देश के सभी राज्यों में हाथ से हाथ जोड़ो अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने इस अभियान को 26 जनवरी से जोगिंदर नगर से शुरू कर दिया है और प्रदेश के सभी जिलों व ब्लॉकों में इस अभियान में अपने-अपने क्षेत्र के नेता भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि यह अभियान प्रदेश में दो महीने तक चलेगा, जिसमें पार्टी के पदाधिकारी हर घर में पार्टी का झंडा व आपसी भाईचारे को मजबूत करने का राहुल गांधी का लिखित संदेश देंगे।
इस अवसर पर कांग्रेस उपाध्यक्ष नरेश चौहान, आनंद कौशल, महासचिव अमित पाल सिंह, यशवंत छाजटा, यशपाल तनाईक, सुशान्त कपरेट, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल, सचिव वेद प्रकाश ठाकुर, हरि कृष्ण हिमराल, ऊषा मेहता, रिपना कलसाइक, एसएस जोगटा, पूर्व महापौर सोहन लाल, अशोक सारटा के अतिरिक्त सेन राम नेगी, ब्रह्म दास चौहान, जीत राम पवंर, एसके सहगल, मोहन नेगी, चुनी लाल, कमलेश ठाकुर, पुष्पा शोभटा, कृष्णा, विनोद भाटिया, चमन प्रकाश सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।
