शिमला। हिमाचल में कांग्रेस विधायक दल की बैठक आज शिमला में होगी। पार्टी ने सभी निर्वाचित सदस्यों को शिमला पहुंचने को कहा है। शुक्रवार को पार्टी कार्यालय राजीव भवन में कांग्रेस के सभी जीते प्रत्याशी जुटेंगे। पहले कांग्रेस विधायक दल की बैठक हिमाचल प्रदेश से दूर चंडीगढ़ में प्रस्तावित थी, लेकिन अब बैठक का स्थान बदलकर शिमला किया गया है।
बताया जाता है कि इस बैठक में सीएम के फैसले का अधिकार पार्टी हाई कमांड को दिए जाने को लेकर एक लाइन का प्रस्ताव पारित किया जाएगा। बाद में पार्टी या शीर्ष नेतृत्व सभी से सलाह मशविरा के बाद नेता या फैसला करेगा।
इस बैठक में हिस्सा लेने के लिए कांग्रेस पार्टी पर्यवेक्षक छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल, प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला और हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा समेत तमाम नेता शिमला पहुंच रहे हैं। पहले कांग्रेस को हॉर्स ट्रेडिंग का डर सता रहा था, लेकिन पूर्ण बहुमत हासिल करने के बाद पार्टी की ओर से शिमला में बैठक का फैसला लिया गया। अब विधायकों की टूट का कोई डर नही है। बता दें, हिमाचल में कांग्रेस ने 40 सीटें लाकर पूर्ण बहुमत हासिल किया है, जबकी बीजेपी 25 सीटों पर सिमट गई। निर्दलीय प्रत्याशियों के खाते में 3 सीटें गई।
